Delhi और Haryana में मिलावटी घी का बड़ा भंडाफोड़, FSSAI ने जब्त किया 6,500 लीटर नकली घी
Delhi/Haryana: दिल्ली और हरियाणा में नकली घी बेचने वाले एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने एक बड़े अभियान के तहत छापेमारी की और 6,500 लीटर से ज्यादा मिलावटी घी और उसे बन
Delhi/Haryana: दिल्ली और हरियाणा में नकली घी बेचने वाले एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने एक बड़े अभियान के तहत छापेमारी की और 6,500 लीटर से ज्यादा मिलावटी घी और उसे बनाने का कच्चा माल जब्त किया। यह कार्रवाई उन लोगों के खिलाफ की गई जो लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ कर मुनाफा कमा रहे थे।
FSSAI के उत्तरी क्षेत्रीय कार्यालय के निदेशक देवेश कुमार महला, IPS ने बताया कि यह पूरा ऑपरेशन बहुत योजना के साथ चलाया गया। विभाग ने डिकॉय ऑपरेशन का इस्तेमाल किया, जिसमें अधिकारी नकली ग्राहक बनकर नमूने लाए थे। जब इन नमूनों की जांच NABL मान्यता प्राप्त लैब में हुई, तो पता चला कि घी में वनस्पति तेल और पशु वसा मिलाया गया था। यह घी तय मानकों पर खरा नहीं उतरा।
छापेमारी के दौरान दिल्ली के द्वारका स्थित धूलसिरस गांव में एक यूनिट मिली, जहां से 1,500 लीटर संदिग्ध घी और 1,020 लीटर अज्ञात तेल बरामद हुआ। वहीं हरियाणा के सोनीपत में एम/एस बाला जी फूड प्रोडक्ट्स से 4,000 लीटर से ज्यादा पैक किया हुआ मिलावटी घी जब्त किया गया। पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज कर ली है और जब्त सामान को सरकारी कब्जे में ले लिया गया है।
FSSAI ने आम जनता से अपील की है कि वे सामान खरीदते समय सावधानी बरतें। किसी भी उत्पाद पर FSSAI लाइसेंस नंबर, निर्माता की जानकारी और लेबलिंग जरूर चेक करें। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर कोई सामान बाजार से बहुत ज्यादा सस्ता मिल रहा है, तो वह नकली हो सकता है, इसलिए ऐसे उत्पादों से बचें। विभाग अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य दुकानदारों और वितरकों की तलाश कर रहा है।