Faridabad में जूते की फैक्ट्री में भीषण आग, 21 दमकल गाड़ियों की मदद से 12 घंटे बाद पाया काबू
Haryana/Faridabad: फरीदाबाद के सेक्टर 32 में स्थित गुरु कृपा लाइफस्टाइल नाम की जूते बनाने वाली फैक्ट्री में गुरुवार सुबह भीषण आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि इसे पूरी तरह बुझाने में दमकल विभाग को करीब 12 घंटे का समय लगा। य
Haryana/Faridabad: फरीदाबाद के सेक्टर 32 में स्थित गुरु कृपा लाइफस्टाइल नाम की जूते बनाने वाली फैक्ट्री में गुरुवार सुबह भीषण आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि इसे पूरी तरह बुझाने में दमकल विभाग को करीब 12 घंटे का समय लगा। यह फैक्ट्री मेवाला महाराजपुर मेट्रो स्टेशन के पास स्थित है।
घटना गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे शुरू हुई और शाम 7:30 बजे तक आग पर काबू पाया जा सका। आग बुझाने के लिए फरीदाबाद से 13 और सोहना, पलवल, नूह, गुड़गांव समेत NTPC जैसी कंपनियों से कुल 21 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंची थीं। हरियाणा के अलग-अलग हिस्सों से SDRF के अधिकारी भी बचाव कार्य में जुटे रहे।
आग की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। फायर सेफ्टी ऑफिसर राकेश यादव ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं फरीदाबाद NIT के फायर सेफ्टी ऑफिसर सुखबीर यादव के मुताबिक, पानी की कमी की वजह से दमकल गाड़ियों को कम से कम 10 बार रिफिल करना पड़ा। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पीछे स्थित एक मेडिकल उपकरण बनाने वाली कंपनी के ऑफिस तक पहुंच गईं, जिससे वहां मौजूद कर्मचारियों को धुएं से बचने के लिए खिड़कियां तोड़कर बाहर निकलना पड़ा।
फैक्ट्री के अंदरूनी कमरों तक पहुंचने के लिए दमकल कर्मियों को जेसीबी मशीन से एक ईंट की दीवार भी तोड़नी पड़ी। गनीमत यह रही कि जब आग लगी तब फैक्ट्री में मजदूर मौजूद नहीं थे, जिससे कोई जान-माल का नुकसान नहीं हुआ। हालांकि, फैक्ट्री के शेड गिर गए और जूतों का भारी स्टॉक पूरी तरह जलकर राख हो गया। कंपनी के अधिकारियों ने माना है कि नुकसान काफी ज्यादा हुआ है, लेकिन अभी तक कुल रकम का आकलन नहीं किया गया है। सावधानी के तौर पर तीन दमकल गाड़ियों को रात भर वहीं तैनात रखा गया था।