Bihar में फर्जी DSP का खेल, नौकरी दिलाने के नाम पर ठगे लाखों; भागलपुर के बायपास थाने में FIR दर्ज
Bihar/Bhagalpur: सरकारी नौकरी दिलाने का लालच देकर ठगी करने वाले एक गिरोह का खुलासा हुआ है। खुद को पटना सचिवालय का DSP बताने वाले एक शख्स ने लोगों से लाखों रुपये ऐंठ लिए। इस मामले में भागलपुर के बायपास थाने में केस दर्ज क
Bihar/Bhagalpur: सरकारी नौकरी दिलाने का लालच देकर ठगी करने वाले एक गिरोह का खुलासा हुआ है। खुद को पटना सचिवालय का DSP बताने वाले एक शख्स ने लोगों से लाखों रुपये ऐंठ लिए। इस मामले में भागलपुर के बायपास थाने में केस दर्ज किया गया है।
मामले की जानकारी के मुताबिक, आरोपी मनोज कुमार उर्फ मनोज कुमार वर्मा ने भागलपुर की आनंद मार्ग कॉलोनी निवासी नेहा रंजन को अपने जाल में फंसाया। उसने खुद को सचिवालय में तैनात DSP बताया और दावा किया कि उसके बड़े अधिकारियों और मंत्रियों से करीबी संबंध हैं। उसने नेहा रंजन के बेटे को बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर में नौकरी दिलाने का झांसा देकर कुल तीन लाख रुपये ठग लिए। इसमें से एक लाख रुपये यूपीआई के जरिए अपूर्व लक्ष्य, प्रीति कुमारी और मनोज कुमार के खातों में भेजे गए, जबकि दो लाख रुपये नकद दिए गए।
विधानसभा चुनाव के बाद जब नौकरी नहीं मिली और पीड़िता ने अपने पैसे वापस मांगे, तो मनोज वर्मा फरार हो गया। उसने नेहा रंजन का मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया और उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद पीड़िता ने बायपास थाना में कांड संख्या 119/26 के तहत मामला दर्ज कराया। पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है।
जांच में पता चला है कि मनोज वर्मा पहले भी कई लोगों को ठग चुका है। साल 2024 में उसने बांका की एक कैंसर पीड़िता सोनम भारती से सबौर कृषि विश्वविद्यालय में नौकरी के नाम पर 5.60 लाख रुपये लिए थे। उस समय पुलिस ने उसके घर पर छापेमारी कर एक लाइसेंसी राइफल भी जब्त की थी। हाल ही में उसने पटना के कंकड़बाग की किरण चौधरी से भी 90,000 रुपये ठगे थे, हालांकि पुलिस की खबर होने पर उसने 52,000 रुपये ऑनलाइन वापस कर दिए थे।