Dubai में दुनिया का पहला कमर्शियल एयर टैक्सी स्टेशन तैयार, साल के अंत तक शुरू होगी उड़ान
World : दुबई ने दुनिया में पहली बार कमर्शियल एयर टैक्सी के लिए एक खास स्टेशन यानी वर्टीपोर्ट को मंजूरी दे दी है। इस स्टेशन का नाम VDX रखा गया है और इसे जनरल सिविल एविएशन अथॉरिटी (GCAA) ने सर्टिफाई किया है। अब दुबई में इल
World : दुबई ने दुनिया में पहली बार कमर्शियल एयर टैक्सी के लिए एक खास स्टेशन यानी वर्टीपोर्ट को मंजूरी दे दी है। इस स्टेशन का नाम VDX रखा गया है और इसे जनरल सिविल एविएशन अथॉरिटी (GCAA) ने सर्टिफाई किया है। अब दुबई में इलेक्ट्रिक एयर टैक्सी सेवा शुरू करने का रास्ता साफ हो गया है, जिससे शहर में आने-जाने का तरीका पूरी तरह बदल जाएगा।
यह सुविधा दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास बनाई गई है। 7 जुलाई 2026 को इसे आधिकारिक तौर पर मंजूरी मिली। उम्मीद है कि इस साल के अंत तक लोग इन इलेक्ट्रिक एयर टैक्सियों में सफर कर सकेंगे। यह स्टेशन चार मंजिला है और करीब 3,100 स्क्वायर मीटर में फैला है। यहाँ विमानों के उतरने और उड़ने के लिए दो अलग जगह बनाई गई हैं और साथ ही इलेक्ट्रिक विमानों के लिए तेजी से चार्ज करने की सुविधा भी दी गई है।
इस प्रोजेक्ट में कई बड़ी कंपनियां शामिल हैं। Skyports Infrastructure ने इस स्टेशन को बनाया है और Joby Aviation इसकी उड़ानें संचालित करेगी। Joby Aviation के S4 इलेक्ट्रिक विमानों का इस्तेमाल होगा। बताया जा रहा है कि जब यह सेवा शुरू होगी, तो एक साल में करीब 1.70 लाख यात्री इसका इस्तेमाल करेंगे और 42,000 बार विमान उड़ान भरेंगे।
आम लोगों के लिए यह सेवा काफी सुविधाजनक होगी क्योंकि इसका किराया Uber Black जैसी गाड़ियों के बराबर रखने की योजना है। इससे सफर का समय बहुत कम हो जाएगा। फिलहाल VDX के अलावा दुबई मरीना, दुबई मॉल और पाम जुमेराह जैसी जगहों पर भी तीन और स्टेशन बनाए जा रहे हैं।
GCAA के डायरेक्टर जनरल सैफ मोहम्मद अल सुवैदी ने इसे एविएशन के भविष्य के लिए एक ऐतिहासिक कदम बताया है। वहीं दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने भी स्टेशन की तैयारी की पुष्टि की है और कहा है कि दुबई ट्रांसपोर्ट के नए विकल्पों को बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।