Dubai से Mumbai जा रहे IndiGo विमान की Rajkot एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग, कार्गो होल्ड में दिखा धुआं

Gujarat : दुबई से मुंबई आ रहे IndiGo के एक विमान की सोमवार को राजकोट इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। विमान के कार्गो होल्ड एरिया में धुआं दिखने के बाद पायलट ने तुरंत राजकोट एयरपोर्ट से संपर्क किया और स

Gujarat : दुबई से मुंबई आ रहे IndiGo के एक विमान की सोमवार को राजकोट इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। विमान के कार्गो होल्ड एरिया में धुआं दिखने के बाद पायलट ने तुरंत राजकोट एयरपोर्ट से संपर्क किया और सुरक्षित लैंडिंग की मांग की। इस विमान में कुल 194 यात्री और क्रू मेंबर्स सवार थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।

यह घटना सोमवार, 27 जुलाई 2026 की है। फ्लाइट नंबर 6E 1452 (Airbus A321) सुबह करीब 11:30 बजे दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से मुंबई के लिए रवाना हुई थी। दोपहर 2:45 बजे राजकोट एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई और दोपहर 3:27 बजे विमान ने सुरक्षित लैंडिंग की। सुरक्षा के लिहाज से एयरपोर्ट पर फायर टेंडर, एम्बुलेंस और मेडिकल टीमों को तैनात रखा गया था। साथ ही सुरक्षा जांच के लिए बम डिस्पोजल और डॉग स्क्वायड की मदद भी ली गई।

IndiGo के प्रवक्ता ने बताया कि तकनीकी समस्या के कारण एहतियात के तौर पर विमान को राजकोट डायवर्ट किया गया था। सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया है और विमान की जांच की जा रही है। राजकोट एयरपोर्ट डायरेक्टर दिगंत बोरा ने पुष्टि की कि सभी 194 लोग सुरक्षित हैं। चूंकि राजकोट में नियमित इंटरनेशनल फ्लाइट्स नहीं चलती हैं, इसलिए यात्रियों को इमिग्रेशन और कस्टम क्लीयरेंस की सुविधा न होने के कारण इंटरनेशनल अराइवल हॉल में ही रखा गया।

एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर केपी तरेतिया के मुताबिक, पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को धुएं के संदेह के बारे में जानकारी दी थी। लैंडिंग के बाद जांच में विमान के अंदर कोई आग नहीं पाई गई। फिलहाल टेक्निकल टीम और इंजीनियर यह पता लगाने में जुटे हैं कि धुआं वास्तव में था या किसी सेंसर की खराबी की वजह से अलर्ट आया था। IndiGo ने यात्रियों के लिए मुंबई जाने के लिए दूसरा विमान भेजने की व्यवस्था की है, जो शाम 7:30 बजे रवाना होना था।