Dubai में खिले 50,000 से ज्यादा ऑरेंज फ्लेम ट्री, शहर को सुंदर बनाने के लिए निवासियों को मिल रहे मुफ्त पौधे

World : दुबई की गर्मी के बीच पूरा शहर अब नारंगी रंगों से सराबोर नजर आ रहा है। शहर में 50,000 से ज्यादा फ्लेम ट्री (Flame Trees) खिल चुके हैं, जिससे यहां का नजारा बेहद खूबसूरत हो गया है। यह सिर्फ खूबसूरती बढ़ाने के लिए नह

World : दुबई की गर्मी के बीच पूरा शहर अब नारंगी रंगों से सराबोर नजर आ रहा है। शहर में 50,000 से ज्यादा फ्लेम ट्री (Flame Trees) खिल चुके हैं, जिससे यहां का नजारा बेहद खूबसूरत हो गया है। यह सिर्फ खूबसूरती बढ़ाने के लिए नहीं है, बल्कि इसे एक सांस्कृतिक परंपरा का रूप दिया गया है ताकि लोग प्रकृति से जुड़ सकें।

दुबई के क्राउन प्रिंस और डिप्टी प्रधानमंत्री शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने सड़कों, पार्कों और घरों में इन पेड़ों को लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने फ्लेम ट्री को दुबई की पहचान बताया है जो जीवन और सुंदरता का प्रतीक है। क्राउन प्रिंस ने उन लोगों को मुफ्त पौधे बांटने का भी आदेश दिया है जो अपने घरों या खेतों में इन्हें लगाना चाहते हैं।

फ्लेम ट्री सीजन आधिकारिक तौर पर 1 मई से 31 जुलाई तक चलता है। आमतौर पर ये पेड़ अप्रैल के अंत या मई से खिलना शुरू होते हैं और जुलाई के आखिर तक रहते हैं, जबकि मई और जून में ये अपने पूरे निखार पर होते हैं। इस पूरे अभियान को दुबई फ्यूचर फाउंडेशन के दुबई डिजाइन लैब ने शुरू किया है। प्रोजेक्ट लीड राफिया बिन सुलेमान ने बताया कि इसका मकसद इसे सिर्फ एक पौधारोपण अभियान नहीं, बल्कि एक शहरव्यापी सांस्कृतिक आंदोलन बनाना है।

इन पेड़ों की सही ग्रोथ के लिए कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना होता है। इन्हें धूप वाली खुली जगह पर लगाना चाहिए जहां की मिट्टी रेतीली या दोमट हो। पेड़ों के फैलाव और जड़ों को देखते हुए इन्हें दीवारों और इमारतों से पांच से छह मीटर दूर लगाना सही रहता है। छोटे पौधों को शुरू में नियमित पानी देना पड़ता है, जबकि बड़े पेड़ मौसम के हिसाब से खुद को ढाल लेते हैं और उन्हें कम देखभाल की जरूरत होती है।

इस पहल में दुबई म्युनिसिपैलिटी मुख्य भूमिका निभा रही है, जो सार्वजनिक जगहों पर पौधे लगा रही है और लोगों को सैपलिंग बांट रही है। वहीं, VFS Global ने इस मुहिम के तहत 1,200 और फ्लेम ट्री लगाने का वादा किया है। इन पेड़ों की सप्लाई का काम अमीराती कंपनी वादी दाफ्ता प्लांटेशन (Wadi Dafta Plantation) कर रही है। प्रशासन का लक्ष्य है कि दुबई के गर्मियों के मौसम को भी जापान के चेरी ब्लॉसम जैसा एक खास अनुभव बनाया जाए।