Mumbai एयरपोर्ट पर DRI की बड़ी कार्रवाई, 7.49 करोड़ का सोना जब्त, 6 लोग गिरफ्तार

Maharashtra: मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (CSMIA) पर राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने सोने की तस्करी करने वाले एक अंतरराष्ट्रीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में अधिकारियों ने बैंकॉक से

Maharashtra: मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (CSMIA) पर राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने सोने की तस्करी करने वाले एक अंतरराष्ट्रीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में अधिकारियों ने बैंकॉक से लाया गया 5 किलो से ज्यादा सोना जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 7.49 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस मामले में कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

यह पूरी कार्रवाई बुधवार, 15 जुलाई 2026 की रात करीब 10:30 बजे की गई। पकड़े गए लोगों में हवाई अड्डे के अंदर अलग-अलग दुकानों पर काम करने वाले तीन कर्मचारी और तीन फिलीपीन नागरिक शामिल हैं। पकड़े गए कर्मचारियों के नाम हिमांशु उपाध्याय, मोहिद हसन सिद्दीकी और फिरोज सैयद हैं, जिनमें से फिरोज सैयद इंटरनेशनल डिपार्चर हॉल की ‘Socks Express’ दुकान में मैनेजर था। वहीं, फिलीपीन नागरिकों की पहचान नासिर अलीमुदिन लकीम, क्रिस्टीन जॉय अंडया पोरनासडोरो और बेनी के रूप में हुई है, जो ट्रांजिट पैसेंजर थे।

तस्करी का तरीका काफी अलग था। खुफिया जानकारी के मुताबिक, हवाई अड्डे के कर्मचारी हिमांशु उपाध्याय को फिरोज सैयद से सोना मिलता था, जिसे बाद में वह एयरपोर्ट के P4 लेवल पर मोहिद हसन सिद्दीकी को सौंप देता था। सोने को मोम (wax) के अंदर सोने की धूल के रूप में छिपाकर लाया गया था। DRI के मुताबिक, गिरफ्तार लोगों ने स्वीकार किया है कि वे एक सिंडिकेट हैंडलर के इशारे पर यह काम कर रहे थे।

दूसरी तरफ, विदेशी नागरिकों के वकीलों ने अदालत में दलील दी कि उनके मुवक्किल फिलीपींस से थाईलैंड जा रहे थे और उनका भारत में प्रवेश करने या इमिग्रेशन क्लियर करने का कोई इरादा नहीं था। उन्होंने कहा कि ट्रांजिट में रहने वाले यात्रियों पर तस्करी का आरोप कानूनी सवाल खड़ा करता है। फिलहाल अदालत ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और DRI इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।