Delhi में महिलाओं को टक्कर मारकर वीडियो बनाने वाला YouTuber गिरफ्तार, POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज

Delhi: राजधानी दिल्ली के सुभाष नगर इलाके से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने गुरमान सिंह नाम के एक 32 साल के यूट्यूबर को गिरफ्तार किया है, जो खुद को ‘Road Safety Wala’ बताता था। इस शख्स पर आरोप

Delhi: राजधानी दिल्ली के सुभाष नगर इलाके से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने गुरमान सिंह नाम के एक 32 साल के यूट्यूबर को गिरफ्तार किया है, जो खुद को ‘Road Safety Wala’ बताता था। इस शख्स पर आरोप है कि वह जानबूझकर सड़क पर चल रही महिलाओं और नाबालिग लड़कियों के वाहनों को टक्कर मारता था और फिर उन वीडियो को सोशल मीडिया पर डालकर पैसे और व्यूज कमाता था।

यह पूरा मामला तब खुला जब 2 जून 2026 को एक पिता ने शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि दो मोटरसाइकिल सवारों ने उनकी नाबालिग बेटियों के स्कूटर को जानबूझकर टक्कर मारी और उनके साथ बदतमीजी की। कुछ दिनों बाद उस पिता ने देखा कि उनकी बेटियों के हादसे का वीडियो यूट्यूब और एक सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड किया गया है।

डीसीपी (वेस्ट) हरेश्वर स्वामी के मुताबिक, गुरमान सिंह के खिलाफ ऐसे कई मामले सामने आए थे। पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया है, जिसमें कई आपत्तिजनक वीडियो और डिजिटल सबूत मिले हैं। पूछताछ में गुरमान ने कबूल किया कि वह ज्यादा व्यूज और निजी संतुष्टि के लिए खास तौर पर महिलाओं को निशाना बनाता था। वह टक्कर मारने के बाद शक से बचने के लिए ‘सॉरी दीदी’ कहता था और फिर बिना इजाजत वीडियो अपलोड कर देता था।

पुलिस की साइबर टीम, जिसकी अगुवाई इंस्पेक्टर विकास कुमार बुलडक कर रहे हैं, इस मामले की गहराई से जांच कर रही है। आरोपी के यूट्यूब चैनल (@bikeronroad33 और ‘Road Safety Waala’) पर 72 हजार से ज्यादा सब्सक्राइबर थे और करीब 90 लाख व्यूज थे, जबकि फेसबुक पेज पर 2 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे। चूंकि इस मामले में नाबालिग लड़कियां शामिल हैं, इसलिए पुलिस ने POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।