Delhi : राजधानी दिल्ली में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग (IMD) ने शहर में हीटवेव को लेकर ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। आने वाले दिनों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की पूरी संभावन
Delhi : राजधानी दिल्ली में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग (IMD) ने शहर में हीटवेव को लेकर ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। आने वाले दिनों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की पूरी संभावना है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी हो सकती है।
तापमान का हाल और अलर्ट क्या है?
25 अप्रैल को दिल्ली में अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। इससे पहले 24 अप्रैल को अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से 4.2 डिग्री ज्यादा था। सबसे ज्यादा गर्मी उत्तरी दिल्ली के रिज स्टेशन पर महसूस की गई, जहाँ पारा 43.1 डिग्री तक पहुँच गया।
कब मिलेगी गर्मी से राहत?
स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष महेश पलावत के मुताबिक, शनिवार को कोई खास राहत नहीं मिलेगी। हालांकि, 26 अप्रैल से 28 अप्रैल के बीच राजस्थान में बन रहे एक चक्रवाती सिस्टम की वजह से दिल्ली समेत उत्तर-पश्चिमी भारत में हल्की बारिश हो सकती है। रविवार को बादल छाए रहेंगे और 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जबकि सोमवार शाम से बुधवार तक हल्की बारिश की संभावना है जिससे तापमान गिर सकता है।
लू (Heatwave) की परिभाषा और नियम
IMD के नियमों के अनुसार, लू की घोषणा तब की जाती है जब अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियस अधिक हो और 40 डिग्री के ऊपर चला जाए। इसके अलावा, यदि तापमान सीधे 45 डिग्री सेल्सियस या उससे ज्यादा हो जाए, तब भी इसे लू माना जाता है। येलो अलर्ट का मतलब है कि मौसम गंभीर हो सकता है और लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए।