Delhi में वोटर लिस्ट का स्पेशल रिवीजन शुरू, घर-घर आएंगे BLO; जानिए कैसे चेक करें अपना नाम और भरें फॉर्म

Delhi: दिल्ली में वोटर लिस्ट को अपडेट करने के लिए स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) की प्रक्रिया शुरू हो गई है। चुनाव आयोग ने इसके लिए बूथ लेवल ऑफिसर्स (BLO) को घर-घर जाकर वेरिफिकेशन करने की जिम्मेदारी सौंपी है। इस पूरी कवायद

Delhi: दिल्ली में वोटर लिस्ट को अपडेट करने के लिए स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) की प्रक्रिया शुरू हो गई है। चुनाव आयोग ने इसके लिए बूथ लेवल ऑफिसर्स (BLO) को घर-घर जाकर वेरिफिकेशन करने की जिम्मेदारी सौंपी है। इस पूरी कवायद का मकसद यह पक्का करना है कि वोटर लिस्ट एकदम सही और अपडेटेड रहे ताकि कोई भी पात्र मतदाता वोट देने से न छूटे।

यह डोर-टू-डोर वेरिफिकेशन का काम 30 जून से शुरू होकर 29 जुलाई 2026 तक चलेगा। दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी (CEO) आलोक कुमार ने बताया कि BLO सभी मौजूदा वोटरों को प्री-प्रिंटेड एनुमेरेशन फॉर्म की दो कॉपियां देंगे और उन्हें भरने में मदद भी करेंगे। अगर कोई घर पर नहीं मिलता है, तो फॉर्म परिवार के किसी वयस्क सदस्य को दिया जाएगा या घर बंद होने पर वहां छोड़ दिया जाएगा। BLO फॉर्म जमा करने के लिए कम से कम तीन बार चक्कर लगाएंगे। जमा किए गए फॉर्म की एक कॉपी वोटर के पास रसीद के तौर पर रहेगी।

इस प्रक्रिया में सबसे जरूरी बात यह है कि एनुमेरेशन फॉर्म के साथ कोई दस्तावेज जमा नहीं करना होगा। हालांकि, अगर कोई वोटर अपना नाम पुराने SIR रोल से मैप नहीं कर पाता है, तो ड्राफ्ट रोल प्रकाशित होने के बाद चुनावी पंजीकरण अधिकारी (ERO) के नोटिस मिलने पर उसे 12 मान्य दस्तावेजों में से कोई एक जमा करना पड़ सकता है। सुप्रीम कोर्ट ने भी इस स्पेशल रिवीजन प्रक्रिया की संवैधानिक वैधता को मंजूरी दे दी है।

वोटरों को अपने विवरण को 2002 में तैयार की गई वोटर लिस्ट से मैप करना होगा। आप अपना या अपने परिवार के सदस्यों का नाम CEO दिल्ली की वेबसाइट, ECINET ऐप या चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट (voters.eci.gov.in) पर चेक कर सकते हैं। इसके लिए EPIC नंबर, नाम या पार्ट नंबर का इस्तेमाल किया जा सकता है।

महत्वपूर्ण तारीख गतिविधि
30 जून से 29 जुलाई 2026 BLO द्वारा घर-घर वेरिफिकेशन
5 अगस्त 2026 ड्राफ्ट वोटर लिस्ट का प्रकाशन
5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 दावे और आपत्तियां दर्ज करना
5 अगस्त से 3 अक्टूबर 2026 दावों और आपत्तियों का निपटारा
7 या 10 अक्टूबर 2026 फाइनल वोटर लिस्ट का प्रकाशन

फॉर्म भरने की प्रक्रिया तीन हिस्सों में बंटी है। पहले हिस्से में नाम और पता जैसे प्री-प्रिंटेड विवरण होंगे। दूसरे हिस्से में 2002 की लिस्ट से मैपिंग करनी होगी, जिसमें आप खुद का या अपने माता-पिता/दादा-दादी का विवरण दे सकते हैं। तीसरे हिस्से में वर्तमान विवरण और जन्मतिथि भरना अनिवार्य है, जबकि आधार और मोबाइल नंबर देना वैकल्पिक है। यह फॉर्म ऑनलाइन भी भरा जा सकता है, लेकिन उसके लिए EPIC को मोबाइल नंबर से लिंक करना जरूरी होगा।

CEO आलोक कुमार ने उन लोगों को भी भरोसा दिलाया है जिनके घर टूट गए हैं, कि उनके लिए अलग व्यवस्था होगी और वे नए पते के साथ फॉर्म 6 भर सकते हैं। साथ ही, बेघर लोगों को जोड़ने के लिए BLO फ्लाईओवर के नीचे या अस्थायी ठिकानों पर भी जाएंगे। जून 2026 तक दिल्ली में कुल 1,45,10,298 पंजीकृत वोटर थे।