Delhi में सड़क हादसा, नाले में गिरी कार; US में पढ़ने वाले 20 साल के छात्र की मौत

Delhi: राजधानी के वसंत कुंज इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 20 साल के छात्र यशवेंद्र सिंह की जान चली गई। यशवेंद्र अमेरिका की इंडियाना यूनिवर्सिटी में बिजनेस की पढ़ाई कर रहे थे और करीब 10 दिन पहले ही अपने घर लौटे थे।

Delhi: राजधानी के वसंत कुंज इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 20 साल के छात्र यशवेंद्र सिंह की जान चली गई। यशवेंद्र अमेरिका की इंडियाना यूनिवर्सिटी में बिजनेस की पढ़ाई कर रहे थे और करीब 10 दिन पहले ही अपने घर लौटे थे। शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे जिम से लौटते समय उनकी कार अनियंत्रित होकर एक नाले में गिर गई, जिससे यह हादसा हुआ।

पुलिस के मुताबिक, बारिश की वजह से सड़क फिसलन भरी थी और एक तेज मोड़ पर यशवेंद्र ने गाड़ी का कंट्रोल खो दिया। कार में उनके साथ उनकी एक महिला दोस्त भी थीं, जो उसी यूनिवर्सिटी की छात्रा हैं। स्थानीय लोगों ने उन्हें तो नाले से सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन यशवेंद्र गाड़ी की ड्राइविंग सीट में फंस गए और समय पर बाहर नहीं निकल पाए।

इस हादसे के बाद प्रशासन और अधिकारियों के बीच खींचतान शुरू हो गई है। DDA ने कहा कि नाले के किनारे दीवार बनी हुई है और उन्होंने मार्च 2026 में ट्रैफिक पुलिस से स्पीड ब्रेकर लगाने के लिए NOC मांगी थी, लेकिन ट्रैफिक पुलिस ने इसे ट्रैफिक मैनेजमेंट के लिए सही नहीं माना। वहीं, एक चश्मदीद प्रदीप ने आरोप लगाया कि इलाके में माफिया द्वारा गंदा पानी सड़क पर बहाया जा रहा था, जिससे सड़क ज्यादा फिसलन भरी हो गई और हादसा हुआ।

यशवेंद्र सिंह एक नेशनल लेवल के बास्केटबॉल खिलाड़ी और गोल्ड मेडलिस्ट थे। वह एक इंडियन आर्मी ब्रिगेडियर के बेटे थे। उनके पुराने स्कूल संस्कृति स्कूल ने शोक संदेश जारी कर उन्हें एक अनुशासित और मेहनती छात्र बताया है। फिलहाल वसंत कुंज साउथ पुलिस स्टेशन में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है और मामले की जांच की जा रही है।