Delhi के UPSC टीचर ने Lawrence Bishnoi गैंग की मदद की, बिजनेसमैन से 10 करोड़ की रंगदारी मांगी, गिरफ्तार
Delhi: दिल्ली के मुखर्जी नगर में कोचिंग चलाने वाले एक गणित के टीचर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अमित बिश्नोई उर्फ रुद्र प्रताप सिंह पर आरोप है कि उसने लॉरेंस बिश्नोई और हरि बॉक्सर गैंग के साथ मिलकर एक बिजनेसमैन को धमकान
Delhi: दिल्ली के मुखर्जी नगर में कोचिंग चलाने वाले एक गणित के टीचर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अमित बिश्नोई उर्फ रुद्र प्रताप सिंह पर आरोप है कि उसने लॉरेंस बिश्नोई और हरि बॉक्सर गैंग के साथ मिलकर एक बिजनेसमैन को धमकाने और उससे पैसे वसूलने में मदद की। पुलिस स्पेशल सेल ने तकनीकी जांच के बाद इस आरोपी को पकड़ा है।
यह पूरा मामला जून 2026 का है, जब मुखर्जी नगर के एक बिजनेसमैन को विदेश के नंबर से सोशल मीडिया के जरिए धमकी भरे कॉल आने शुरू हुए थे। पीड़ित बिजनेसमैन ने 8 जुलाई 2026 को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद जांच शुरू हुई। पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी अमित बिश्नोई ने इस साजिश में गैंग का साथ दिया था।
अमित बिश्नोई मूल रूप से हरियाणा के फरीदाबाद का रहने वाला है और उसने B.Tech की पढ़ाई की है। वह 2018 से मुखर्जी नगर के अलग-अलग कोचिंग सेंटरों में गणित पढ़ा रहा था और पहले UPSC और SSC की तैयारी भी कर चुका था। बताया जा रहा है कि अमित की जान-पहचान 2014 में एक कॉमन दोस्त के जरिए लॉरेंस बिश्नोई से हुई थी।
जांच में पता चला कि अमित ने बिजनेसमैन के ऑफिस की रेकी की और वहां का एक वीडियो बनाकर गैंगस्टर हरि बॉक्सर को भेजा। इसी वीडियो का इस्तेमाल कर हरि बॉक्सर ने बिजनेसमैन को धमकाया और एक हफ्ते के भीतर 10 करोड़ रुपये की मांग की। गैंग ने धमकी दी थी कि अगर पैसे नहीं मिले तो बिजनेसमैन और उसके बच्चों को जान से मार दिया जाएगा।
डीसीपी (स्पेशल सेल) प्रवीण कुमार त्रिपाठी ने बताया कि गैंग अमीर बिजनेसमैन की पहचान कर उन्हें निशाना बनाता है और उनसे रंगदारी वसूलता है। दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल अब ऐसे गिरोहों के खिलाफ बड़ा अभियान चला रही है ताकि इस तरह के क्राइम पर लगाम लगाई जा सके।