Delhi University में UG कोर्स के लिए एडमिशन शुरू, CSAS पोर्टल खुला; ऐसे करें रजिस्ट्रेशन
Delhi: दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) में स्नातक यानी यूजी कोर्स में दाखिला लेना चाहने वाले छात्रों के लिए अच्छी खबर है। यूनिवर्सिटी ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (CSAS) पोर्टल खोल दिया है। 27 जून 2026
Delhi: दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) में स्नातक यानी यूजी कोर्स में दाखिला लेना चाहने वाले छात्रों के लिए अच्छी खबर है। यूनिवर्सिटी ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (CSAS) पोर्टल खोल दिया है। 27 जून 2026 से रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू हो गई है, जिसका छात्रों को CUET रिजल्ट आने के बाद से इंतजार था।
दाखिले की यह पूरी प्रक्रिया कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET-UG) 2026 के अंकों पर आधारित होगी। एडमिशन के लिए कुल तीन चरण तय किए गए हैं। पहले चरण में छात्रों को CSAS पोर्टल पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना होगा। दूसरे चरण में पसंदीदा कॉलेज और कोर्स का चुनाव करना होगा, जिसकी तारीख जल्द बताई जाएगी। आखिरी चरण में सीट का आवंटन होगा और छात्रों को फीस जमा करनी होगी।
यूनिवर्सिटी के डीन एडमिशन, प्रोफेसर हनीत गांधी ने बताया कि पहले चरण का काम शुरू हो चुका है और दूसरे चरण की प्रक्रिया अगले हफ्ते तक शुरू हो सकती है। इस बार यूनिवर्सिटी के 67 से 70 कॉलेजों में करीब 71,000 से 72,000 सीटें उपलब्ध हैं। इसमें 73 स्नातक कोर्स और 100 से ज्यादा बीए प्रोग्राम शामिल हैं।
| विवरण | जानकारी |
|---|---|
| पंजीकरण शुरू होने की तारीख | 27 जून 2026 |
| रजिस्ट्रेशन पोर्टल | ugadmission.uod.ac.in |
| सामान्य/OBC/EWS शुल्क | 250 रुपये |
| SC/ST/दिव्यांग शुल्क | 100 रुपये |
| कुल उपलब्ध सीटें | 71,000 से 72,000 (लगभग) |
| दाखिले का आधार | CUET-UG 2026 स्कोर |
रजिस्ट्रेशन के लिए छात्रों को अपनी CUET-UG 2026 आवेदन संख्या का इस्तेमाल करना होगा। नाम, जन्मतिथि और फोटो जैसे विवरण ‘एपीआई सेतु’ के जरिए अपने आप जुड़ जाएंगे ताकि गलती की गुंजाइश न रहे। सीबीएसई के जिन छात्रों का पुनर्मूल्यांकन (Revaluation) चल रहा है, वे पुराने अंकों के साथ फॉर्म भर सकते हैं और रिजल्ट आने पर उसे अपडेट कर सकेंगे।
दूसरे चरण में छात्रों को अपने CUET के विषयों को कक्षा 12 के विषयों के साथ मैप करना होगा। केवल उन्हीं विषयों पर विचार किया जाएगा जो छात्र ने 12वीं में पढ़े हैं। यूनिवर्सिटी ने सलाह दी है कि छात्र आवेदन करने से पहले आधिकारिक वेबसाइट पर यूजी बुलेटिन और नियमों को ध्यान से पढ़ लें।