Delhi में E20 पेट्रोल के खिलाफ ट्रांसपोर्टरों का हल्लाबोल, विरोध प्रदर्शन के लिए Gen Z की ली मदद
Delhi: दिल्ली के टैक्सी और टूर ऑपरेटर अब E20 पेट्रोल के खिलाफ सड़कों पर उतरने की तैयारी कर रहे हैं। ट्रांसपोर्टरों का कहना है कि 20% इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल से उनकी गाड़ियों के इंजन को नुकसान हो रहा है और माइलेज कम हो गया
Delhi: दिल्ली के टैक्सी और टूर ऑपरेटर अब E20 पेट्रोल के खिलाफ सड़कों पर उतरने की तैयारी कर रहे हैं। ट्रांसपोर्टरों का कहना है कि 20% इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल से उनकी गाड़ियों के इंजन को नुकसान हो रहा है और माइलेज कम हो गया है। इस बार इस विरोध प्रदर्शन को बड़ा बनाने के लिए ट्रांसपोर्टर अपने बच्चों और Gen Z युवाओं की मदद ले रहे हैं ताकि सोशल मीडिया के जरिए अपनी बात सरकार तक पहुंचाई जा सके।
Delhi Taxi Tourist Transporters and Tour Operators Association ने 4 अगस्त को संसद के बाहर एक विरोध मार्च निकालने का फैसला किया है। एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय सम्राट का कहना है कि सरकार ने बिना किसी विकल्प के E20 ईंधन को जबरन लागू कर दिया है। उनका दावा है कि खासकर पुरानी गाड़ियों के मालिकों को भारी दिक्कत आ रही है, क्योंकि उनकी गाड़ियां इस ईंधन के लिए नहीं बनी थीं। इस वजह से मेंटेनेंस का खर्च बढ़ गया है और इंजन की परफॉरमेंस गिर गई है।
दूसरी तरफ, ‘Team Bharat’ नाम की एक संस्था ने भी 31 जुलाई को नई दिल्ली में एक शांतिपूर्ण रोड रैली का ऐलान किया है। उनकी मांग है कि जिन गाड़ियों के लिए E10 पेट्रोल बना है, उन्हें वही ईंधन मिले और E20 पेट्रोल की कीमत में 20% की छूट दी जाए। साथ ही उन्होंने 2023 से पहले बनी गाड़ियों के लिए ठोस समाधान मांगा है।
इस पूरे मामले पर सरकार और एक्सपर्ट्स की राय अलग है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने 4 जुलाई 2026 को 10 पॉइंट्स में सफाई देते हुए कहा कि E20 पेट्रोल पूरी तरह सुरक्षित और वैज्ञानिक रूप से जांचा हुआ है। मंत्रालय के मुताबिक, ARAI और SIAM जैसी संस्थाओं की स्टडी में पुरानी गाड़ियों में किसी बड़े नुकसान की बात सामने नहीं आई है। मारुति सुजुकी के सीनियर एग्जीक्यूटिव राहुल भारती ने भी कहा कि E10 गाड़ियों में E20 ईंधन से कोई बड़ी समस्या नहीं दिखी।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी इस पॉलिसी का समर्थन किया है और कहा है कि भविष्य में शुद्ध पेट्रोल और महंगा हो जाएगा। फिलहाल दिल्ली पुलिस ने 29 जुलाई को ट्रांसपोर्टर एसोसिएशन के साथ बैठक बुलाई है ताकि विरोध प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था पर चर्चा की जा सके।