Delhi में फ्लाईओवर से कूदकर जान देने की कोशिश कर रहे टीचर को ट्रैफिक पुलिस ने बचाया, ई-रिक्शा से पहुंचाया अस्पताल

Delhi: राजधानी के रानी झांसी फ्लाईओवर पर एक सरकारी स्कूल के शिक्षक ने गुरुवार को आत्महत्या की कोशिश की. शिक्षक ने फ्लाईओवर से छलांग लगा दी जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. मौके पर मौजूद दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के दो जवानों

Delhi: राजधानी के रानी झांसी फ्लाईओवर पर एक सरकारी स्कूल के शिक्षक ने गुरुवार को आत्महत्या की कोशिश की. शिक्षक ने फ्लाईओवर से छलांग लगा दी जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. मौके पर मौजूद दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के दो जवानों ने सूझबूझ दिखाते हुए एंबुलेंस का इंतजार नहीं किया और घायल शिक्षक को तुरंत ई-रिक्शा से अस्पताल पहुंचाया, जिससे उनकी जान बच सकी.

घायल शिक्षक की पहचान 45 वर्षीय आनंद कुमार सरोहा के रूप में हुई है. वे शास्त्री नगर स्थित सर्वोदय बाल विद्यालय में गणित के टीचर हैं. इसके अलावा उन्हें मतदाता सूचियों के विशेष गहन संशोधन (SIR) कार्य में बीएलओ सुपरवाइजर की जिम्मेदारी भी दी गई थी. उत्तरी जिला डीसीपी राजा बांठिया ने बताया कि शिक्षक शास्त्री नगर के रहने वाले हैं. उन्हें पहले हिंदू राव अस्पताल ले जाया गया और बाद में बेहतर इलाज के लिए सेंट स्टीफंस अस्पताल रेफर कर दिया गया.

पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिला है. इस नोट में शिक्षक ने काम के भारी दबाव और अपनी बिगड़ती सेहत का जिक्र किया है. परिवार का कहना है कि फ्लाईओवर से कूदने से पहले उन्होंने डेटॉल का सेवन भी किया था. शिक्षक के जीजा विक्रम सिंह तोमर ने आरोप लगाया है कि वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें मेडिकल लीव नहीं दी और उनका मानसिक उत्पीड़न किया गया.

फिलहाल आनंद कुमार सरोहा की हालत स्थिर बताई जा रही है, हालांकि उनके दोनों हाथों में फ्रैक्चर और शरीर पर कई गंभीर चोटें आई हैं. पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. परिवार ने इस घटना की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है.