Delhi में वोटर लिस्ट सुधार के लिए SIR अभियान शुरू, 76 लाख से ज्यादा फॉर्म बांटे गए

Delhi: दिल्ली में मतदाता सूची को सही और पारदर्शी बनाने के लिए ‘विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)’ अभियान चलाया जा रहा है। 30 जून से शुरू हुए इस अभियान के पहले सात दिनों में ही 52 फीसदी से ज्यादा मतदाताओं तक एन्यूमरेश

Delhi: दिल्ली में मतदाता सूची को सही और पारदर्शी बनाने के लिए ‘विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)’ अभियान चलाया जा रहा है। 30 जून से शुरू हुए इस अभियान के पहले सात दिनों में ही 52 फीसदी से ज्यादा मतदाताओं तक एन्यूमरेशन फॉर्म पहुंचा दिए गए हैं। प्रशासन का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी पात्र लोगों के नाम लिस्ट में हों और गलत नाम हटा दिए जाएं।

इस अभियान के तहत करीब 13,000 से ज्यादा बूथ स्तरीय अधिकारी (BLOs) घर-घर जाकर सत्यापन कर रहे हैं। BLOs हर घर में फॉर्म की दो प्रतियां देंगे, जिनमें से एक भरकर वापस जमा करनी होगी और दूसरी रसीद के तौर पर मतदाता के पास रहेगी। अगर कोई व्यक्ति घर पर नहीं मिलता है, तो अधिकारी कम से कम तीन बार वहां जाएंगे। इसके अलावा, लोग अपना फॉर्म www.voters.eci.gov.in पोर्टल या ECINet ऐप के जरिए ऑनलाइन भी भर सकते हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि इस प्रक्रिया के जरिए मतदाता सूची से उन लोगों के नाम हटाए जाएंगे जो अब वहां नहीं रहते, जिनकी मृत्यु हो चुकी है या जिनके नाम दो जगह दर्ज हैं। साथ ही, जो लोग 2002 के बाद दिल्ली आए हैं, उन्हें अपने पुराने राज्य के SIR की जानकारी देनी होगी।

महत्वपूर्ण तारीखें विवरण
30 जून से 29 जुलाई, 2026 घर-घर जाकर सत्यापन का काम चलेगा
5 अगस्त, 2026 मसौदा मतदाता सूची प्रकाशित होगी
5 अगस्त से 4 सितंबर, 2026 दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी
5 अगस्त से 3 अक्टूबर, 2026 शिकायतों और आपत्तियों का निपटारा होगा
7 अक्टूबर, 2026 अंतिम मतदाता सूची जारी होगी

वर्तमान में दिल्ली में कुल 1.45 करोड़ से अधिक मतदाता हैं, जिनमें 77.11 लाख पुरुष और 67.98 लाख महिलाएं शामिल हैं। दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 76,155 है। हालांकि, परिसीमन की वजह से कुछ लोग पुराने वार्ड नंबर भर रहे हैं, जिससे फॉर्म में गलतियां हो रही हैं और अधिकारियों को इन्हें सुधारने में चुनौती आ रही है।