Delhi: श्रद्धा वाकर मर्डर केस में आफताब की MA परीक्षा के चलते सुनवाई टली, अब 21 जुलाई को होगी पेशी

Delhi: श्रद्धा वाकर हत्याकांड के आरोपी आफताब अमीन पूनावाला की पढ़ाई और कोर्ट की तारीख एक ही दिन पड़ गई। इस वजह से दिल्ली की एक अदालत ने 20 जुलाई 2026 को होने वाली सुनवाई को रद्द कर दिया है। आफताब ने कोर्ट को बताया कि इस

Delhi: श्रद्धा वाकर हत्याकांड के आरोपी आफताब अमीन पूनावाला की पढ़ाई और कोर्ट की तारीख एक ही दिन पड़ गई। इस वजह से दिल्ली की एक अदालत ने 20 जुलाई 2026 को होने वाली सुनवाई को रद्द कर दिया है। आफताब ने कोर्ट को बताया कि इस दिन उसकी MA सोशियोलॉजी की आखिरी परीक्षा है।

अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश हरगुरविंदर सिंह जग्गी ने आफताब की अर्जी को स्वीकार कर लिया है। आफताब फिलहाल तिहाड़ जेल नंबर 3 में बंद है और वहीं इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी (IGNOU) की परीक्षा दे रहा है। उसकी परीक्षाएं 11 जुलाई से 20 जुलाई 2026 तक चल रही हैं। 20 जुलाई को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक उसका आखिरी पेपर है, इसलिए उसे इस दिन कोर्ट में पेश होने से छूट मिल गई है।

कोर्ट ने अब आदेश दिया है कि अभियोजन पक्ष के सबूतों की रिकॉर्डिंग 21 जुलाई 2026 को दोपहर 2 बजे से शुरू होगी। हालांकि, ट्रायल के लिए पहले से तय अन्य तारीखों में कोई बदलाव नहीं किया गया है, वे पहले की तरह ही रहेंगी।

बता दें कि यह पूरा मामला मई 2022 का है, जिसमें श्रद्धा वाकर की हत्या का आरोप आफताब पर लगा था। पुलिस ने आफताब को 12 नवंबर 2022 को गिरफ्तार किया था और इस केस का ट्रायल 2023 से लंबित है।