Delhi में सड़क हादसा, स्कूल बस और ई-रिक्शा की टक्कर में 12 साल की बच्ची की मौत
Delhi: उत्तर-पश्चिम दिल्ली के मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन के पास मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। यहां एक स्कूल बस और ई-रिक्शा की टक्कर हो गई, जिसमें 12 साल की स्कूली छात्रा प्रियांशी की जान चली गई। टक्कर इतनी जोरदार थी
Delhi: उत्तर-पश्चिम दिल्ली के मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन के पास मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। यहां एक स्कूल बस और ई-रिक्शा की टक्कर हो गई, जिसमें 12 साल की स्कूली छात्रा प्रियांशी की जान चली गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्रियांशी ई-रिक्शा से नीचे गिर गई और बस के नीचे आ गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बच्ची को तुरंत जहांगीरपुरी के बाबू जगजीवन राम मेमोरियल (BJRM) अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रियांशी मुकुंदपुर के राम गार्डन इलाके की रहने वाली थी।
पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए बस ड्राइवर कमल सिंह को हिरासत में ले लिया है, जो बुराड़ी के कौशिक एनक्लेव का निवासी है। ई-रिक्शा चालक अजय प्रसाद भी इस मामले में शामिल है। आदर्श नगर पुलिस स्टेशन में इस हादसे को लेकर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल स्कूल बस और ई-रिक्शा दोनों को जब्त कर लिया है।
हादसे की सही वजह जानने के लिए पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया है। प्रियांशी के शव को पोस्टमार्टम के लिए BJRM अस्पताल के मोर्चरी में रखा गया है। राहत की बात यह रही कि ई-रिक्शा में सवार अन्य बच्चों को कोई चोट नहीं आई।