Delhi में स्कूल बस की टक्कर से 12 साल की छात्रा की मौत, मदद के बजाय लोग बनाते रहे वीडियो
Delhi: उत्तरी दिल्ली के मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन के पास मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। यहाँ एक स्कूल बस ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे उसमें सवार 12 साल की स्कूली छात्रा प्रियांशी की मौत हो गई। यह हादसा सुबह करी
Delhi: उत्तरी दिल्ली के मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन के पास मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। यहाँ एक स्कूल बस ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे उसमें सवार 12 साल की स्कूली छात्रा प्रियांशी की मौत हो गई। यह हादसा सुबह करीब 6:45 बजे हुआ, जिसकी सूचना पुलिस को सुबह 7 बजे मिली।
मृतक छात्रा प्रियांशी मुकुंदपुर के रामा गार्डन की रहने वाली थी और सातवीं कक्षा में पढ़ती थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्रियांशी ई-रिक्शा से सड़क पर गिर गई और बस की चपेट में आ गई। हादसे के बाद उसे गंभीर हालत में जहांगीरपुरी के बाबू जगजीवन राम मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसकी मौत हो गई। ई-रिक्शा में सवार अन्य बच्चों को कोई गंभीर चोट नहीं आई है।
इस घटना के बाद इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया। स्थानीय जिम कर्मचारी गोविंदा ने बताया कि जब बच्ची खून से लथपथ सड़क पर पड़ी थी, तब वहां मौजूद लोग उसकी मदद करने के बजाय अपने मोबाइल फोन से वीडियो बना रहे थे। गोविंदा ने ही बच्ची को अस्पताल पहुँचाया।
आदर्श नगर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की। पुलिस ने स्कूल बस चालक कमल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जो बुराड़ी के कौशिक एन्क्लेव का रहने वाला है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल स्कूल बस और ई-रिक्शा दोनों को जब्त कर लिया है।
घटनास्थल पर अपराध जांच दल और फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम ने पहुँचकर सबूत जुटाए। पुलिस अब इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हादसे की पूरी सच्चाई सामने आ सके। छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवाया गया है और आदर्श नगर थाने में कानूनी धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।