Delhi में सड़क हादसे में छठी क्लास की छात्रा की मौत, स्कूल बस ने ई-रिक्शा को कुचला
Delhi: उत्तर-पश्चिम दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन के पास एक स्कूल बस की टक्कर से ई-रिक्शा में जा रही 12 साल की बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। यह हाद
Delhi: उत्तर-पश्चिम दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन के पास एक स्कूल बस की टक्कर से ई-रिक्शा में जा रही 12 साल की बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा सुबह करीब 6:45 बजे हुआ जब बच्ची स्कूल जाने के लिए निकली थी।
मृतका की पहचान प्रियांशी के रूप में हुई है, जो मुकुंदपुर के रामा गार्डन की रहने वाली थी और छठी कक्षा में पढ़ती थी। वह मॉडल टाउन स्थित नंबर-1 स्कूल जा रही थी। पुलिस को घटना की जानकारी सुबह 7 बजे मिली, जिसके बाद उसे तुरंत बाबू जगजीवन राम मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए बस चालक कमल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जो बुराड़ी का रहने वाला है। पूछताछ के दौरान चालक ने अपनी गलती स्वीकार की है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल स्कूल बस और ई-रिक्शा दोनों को जब्त कर लिया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए क्राइम टीम और FSL टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं और इलाके के CCTV फुटेज की जांच की जा रही है।
डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि बस चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने और मौत का मामला दर्ज किया गया है। वहीं ई-रिक्शा चालक अजय प्रसाद से भी पूछताछ की गई है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में काफी गुस्सा देखा गया, क्योंकि आरोप है कि कुछ लोगों ने बच्ची की मदद करने के बजाय घटना का वीडियो बनाना शुरू कर दिया था। प्रियांशी के पिता प्रमोद कुमार और परिवार ने बस चालक के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।