Delhi में रंजिश के चलते युवक की हत्या, चेहरे के टैटू से खुला राज; 3 आरोपी गिरफ्तार
Delhi: राजधानी के वजीराबाद इलाके में एक युवक की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने आपसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया था। हैरानी की बात यह है कि
Delhi: राजधानी के वजीराबाद इलाके में एक युवक की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने आपसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया था। हैरानी की बात यह है कि मृतक का चेहरा काफी खराब हो चुका था, लेकिन शरीर पर बने टैटू की मदद से पुलिस ने उसकी पहचान कर ली और केस सुलझा लिया।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान 34 साल के चंदन सैनी के रूप में हुई है, जो नॉर्थ दिल्ली के नेहरू विहार का रहने वाला था। चंदन सैनी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड था और वह तिमरपुर पुलिस स्टेशन का ‘लिस्टेड बैड कैरेक्टर’ था। उस पर चोरी और झपटमारी जैसे पांच मामले पहले से दर्ज थे।
इस हत्याकांड की वजह एक पुरानी रंजिश बताई जा रही है। आरोपी तरुण उर्फ टन्नी का भाई सौरभ, जिसे चंदन सैनी और उसके साथियों ने 18 मई 2026 को कथित तौर पर पीटा था और अपहरण की कोशिश की थी। इसी का बदला लेने के लिए तरुण, सनी और धीरज ने मिलकर साजिश रची। आरोपियों ने चंदन सैनी को ड्रिंक्स के बहाने बुलाया और जंगल में ले जाकर उसकी हत्या कर दी।
वारदात के बाद तीनों आरोपी फरार हो गए और करीब छह हफ्ते तक अलग-अलग राज्यों में छिपकर पुलिस को चकमा देते रहे। डीसीपी नॉर्थ दिल्ली राजा बनथिया ने बताया कि वजीराबाद पुलिस और एएटीएस (AATS) की टीम ने मिलकर सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स की जांच की, जिससे आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिली।
पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है: तरुण (32 वर्ष), जो एक ऑटो चालक है; उसका चचेरा भाई सनी महाजन (19 वर्ष) जो पंजाब के अमृतसर का रहने वाला है; और धीरज (32 वर्ष), जो वजीराबाद के संगम विहार का निवासी है। पुलिस ने इस मामले में वजीराबाद थाने में हत्या की एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।