Delhi में रजोकरी फ्लाईओवर पर थार ने बाइक सवार को कुचला, 34 वर्षीय सार्थक की मौत
Delhi: दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के रजोकरी फ्लाईओवर पर एक तेज रफ्तार ब्लैक थार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे 34 साल के सार्थक मट्टू की मौत हो गई। यह हादसा 25 जून की सुबह करीब 6:30 बजे हुआ। परिवार अपने इकलौते बेटे के जन्
Delhi: दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के रजोकरी फ्लाईओवर पर एक तेज रफ्तार ब्लैक थार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे 34 साल के सार्थक मट्टू की मौत हो गई। यह हादसा 25 जून की सुबह करीब 6:30 बजे हुआ। परिवार अपने इकलौते बेटे के जन्मदिन की तैयारी कर रहा था, लेकिन इस हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया।
सार्थक मट्टू गुरुग्राम के डीएलएफ फेज-4 के निवासी थे और एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी में काम करते थे। हादसे के वक्त वे गुरुग्राम से नोएडा अपने काम पर जा रहे थे। तभी NH-48 पर रजोकरी फ्लाईओवर के पास एक तेज रफ्तार महिंद्रा थार (KA 50 MF 0019) ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक अपूर्व सिंह को गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया है और थार वाहन को जब्त कर लिया है। आरोपी अपूर्व गाजीपुर का रहने वाला है और गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। जांच में सामने आया कि यह थार बेंगलुरु की बोइंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर रजिस्टर्ड है और कंपनी के कर्मचारी सागर साहा को लीज पर दी गई थी। हादसे के समय सागर साहा भी गाड़ी की अगली सीट पर बैठे थे।
पुलिस को इस मामले में एक चश्मदीद द्वारा खींची गई फोटो से थार की पहचान करने में मदद मिली। वसंत कुंज साउथ पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपी चालक का अल्कोहल टेस्ट भी कराया है।
वहीं, मृतक के पिता सुरेंद्र मट्टू ने न्याय की मांग की है। उन्होंने पुलिस पर सवाल उठाया कि आरोपी का अल्कोहल टेस्ट हादसे के 50 घंटे बाद क्यों किया गया, जिससे शराब के निशान मिलने की संभावना कम हो जाती है। उन्होंने इसे हिट एंड रन मामला बताते हुए दोषियों को कड़ी सजा देने की अपील की है।