देशभर में सामान्य से ज्यादा बारिश, लेकिन Delhi में 68% की कमी; जानिए क्यों तरस रही है राजधानी
Delhi: पूरे देश में जुलाई के महीने में अच्छी बारिश हो रही है, लेकिन दिल्ली के लोग अब भी बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं। आंकड़ों की मानें तो जहां देश में सामान्य से 11 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है, वहीं दिल्ली में बारिश में
Delhi: पूरे देश में जुलाई के महीने में अच्छी बारिश हो रही है, लेकिन दिल्ली के लोग अब भी बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं। आंकड़ों की मानें तो जहां देश में सामान्य से 11 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है, वहीं दिल्ली में बारिश में 68 प्रतिशत की भारी कमी दर्ज की गई है। लोग गर्मी और उमस से परेशान हैं और इंतजार कर रहे हैं कि कब झमाझम बारिश होगी।
आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक 6 जुलाई 2026 तक दिल्ली में सामान्य 21 मिमी के मुकाबले केवल 6.6 मिमी बारिश हुई है। इसके विपरीत, पूरे देश में 1 से 6 जुलाई के बीच सामान्य 48 मिमी की तुलना में 53.3 मिमी बारिश दर्ज की गई। दिल्ली में दक्षिण-पश्चिमी मानसून 2 जुलाई 2026 को पहुंचा, जो अपने तय समय से पांच दिन की देरी से था। साल 2021 के बाद यह पहली बार हुआ है जब मानसून जुलाई में दिल्ली पहुंचा है।
बारिश की इस कमी के पीछे कई वैज्ञानिक कारण हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और विशेषज्ञों के अनुसार, मानसून ट्रफ अपनी सही जगह से दक्षिण में बना हुआ है, जिसकी वजह से बादल दिल्ली के बजाय मध्य और पूर्वी भारत की ओर बढ़ रहे हैं। साथ ही, बंगाल की खाड़ी में बनने वाले कम दबाव के सिस्टम ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश की ओर बढ़कर कमजोर हो गए, जिससे उत्तर-पश्चिम भारत तक नमी नहीं पहुंच पाई।
एक बड़ा कारण प्रशांत महासागर में विकसित हो रहा शक्तिशाली अल नीनो (El Nino) भी है, जो आमतौर पर भारतीय मानसून को कमजोर करता है और तापमान बढ़ाता है। इसके अलावा, इंडियन ओशन डायपोल की तटस्थ स्थिति और ऊपरी वायुमंडल में शुष्क हवाओं की वजह से घने बादल नहीं बन पा रहे हैं, जिससे दिल्ली में ‘ड्राई स्पेल’ की स्थिति बनी हुई है।
राहत की बात यह है कि IMD ने 6 से 9 जुलाई के बीच दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और चंडीगढ़ में व्यापक बारिश की संभावना जताई है। 6 जुलाई को गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं, वहीं 7 जुलाई को आंधी-बारिश की चेतावनी दी गई है। स्काईमेट (Skymet) का भी मानना है कि 6 से 9 जुलाई तक मध्यम बारिश होगी जिससे मौसम सुहावना रहेगा और तापमान में गिरावट आएगी, हालांकि पूरे दिन भारी बारिश के आसार कम हैं। 10 जुलाई से तापमान में फिर से बढ़ोतरी हो सकती है।