Delhi में अब QR कोड से मिलेगी सड़कों की पूरी जानकारी, PWD शुरू करेगा ‘Know Your Road’ प्रोजेक्ट

Delhi: दिल्ली के लोगों के लिए सड़कों की हालत और उनके रखरखाव की जानकारी पाना अब बहुत आसान हो जाएगा। लोक निर्माण विभाग (PWD) जल्द ही ‘Know Your Road’ नाम की एक डिजिटल पहल शुरू करने जा रहा है। इसके तहत शहर की PW

Delhi: दिल्ली के लोगों के लिए सड़कों की हालत और उनके रखरखाव की जानकारी पाना अब बहुत आसान हो जाएगा। लोक निर्माण विभाग (PWD) जल्द ही ‘Know Your Road’ नाम की एक डिजिटल पहल शुरू करने जा रहा है। इसके तहत शहर की PWD सड़कों पर QR कोड लगाए जाएंगे, जिन्हें स्कैन करते ही सड़क से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी मोबाइल पर मिल जाएगी।

PWD मंत्री प्रवेश वर्मा ने बताया कि इस योजना का मकसद सड़कों के काम में पारदर्शिता लाना और अधिकारियों की जवाबदेही तय करना है। इस प्रोजेक्ट के जरिए दिल्ली के लगभग 1,400 किलोमीटर लंबे सड़क नेटवर्क को कवर किया जाएगा, जिसके लिए करीब 2,500 QR कोड लगाए जाएंगे। जब कोई नागरिक इन कोड्स को स्कैन करेगा, तो वह एक पोर्टल पर पहुंचेगा। वहां सड़क का नाम, उसकी लंबाई, निर्माण की तारीख, आखिरी बार मरम्मत कब हुई और उस सड़क की जिम्मेदारी किस इंजीनियर या अधिकारी की है, यह सब साफ-साफ लिखा होगा।

सबसे बड़ी राहत यह है कि अब गड्ढों, टूटी सड़क या जलभराव जैसी समस्याओं के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। लोग सीधे QR कोड के जरिए अपनी शिकायत दर्ज कर सकेंगे और विभाग को इनका समय पर समाधान करना होगा। इस पूरे काम के लिए PWD ने करीब 96 लाख रुपये का बजट रखा है और टेंडर की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।

यह पूरा सिस्टम अगले 60 दिनों के भीतर लागू होने की उम्मीद है। पहले दो हफ्तों में सभी सड़कों के रिकॉर्ड को डिजिटल किया जाएगा, जिसमें इंजीनियर और ठेकेदारों की लिस्ट तैयार होगी। इसके बाद तीसरे हफ्ते में करीब 100 सड़कों पर इसका ट्रायल किया जाएगा और फिर इसे पूरी दिल्ली में लागू कर दिया जाएगा।