Delhi और Punjab में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, शाहजाद भट्टी नेटवर्क के 6 गुर्गे गिरफ्तार

Delhi: दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल ने एक बड़े ऑपरेशन में पाकिस्तान से जुड़े शाहजाद भट्टी नेटवर्क के दो अलग-अलग मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दिल्ली और पंजाब से कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड

Delhi: दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल ने एक बड़े ऑपरेशन में पाकिस्तान से जुड़े शाहजाद भट्टी नेटवर्क के दो अलग-अलग मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दिल्ली और पंजाब से कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी शहर में आतंक फैलाने और अवैध हथियारों की तस्करी करने की साजिश रच रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, इन आरोपियों को दो ग्रुप्स में बांटा गया था। पहले मॉड्यूल का काम आतंकी गतिविधियां चलाना था, जिसे शाहजाद भट्टी का करीबी हुनैन राणा संभाल रहा था। इस ग्रुप से सलमान और दानिश उर्फ चांद मियां को पकड़ा गया है, जिन पर पेट्रोल बम फेंकने का आरोप है। पुलिस ने इनके पास से तीन पेट्रोल बम और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।

वहीं दूसरा मॉड्यूल हथियारों की तस्करी में लगा हुआ था। इसमें शाहीन बाग के तैयब, उसके साले अली फजल, जुबैर और अमृतसर के मलकीत शामिल थे। ये लोग सीमा पार से आधुनिक हथियार मंगाकर भारत में अवैध कामों के लिए सप्लाई कर रहे थे। पुलिस ने इस ग्रुप से तीन हथियार और एन्क्रिप्टेड चैट रिकॉर्ड्स जब्त किए हैं।

दिल्ली पुलिस के एडिशनल सीपी प्रमोद सिंह कुशवाह ने बताया कि इन मॉड्यूल का निशाना पुलिस ठिकाने और भीड़-भाड़ वाले इलाके थे। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि बरामद पेट्रोल बमों का संबंध रांची के आरएसएस ऑफिस पर हुए हमले से तो नहीं है।

शाहजाद भट्टी एक गैंगस्टर है जो अब पाकिस्तान से बैठकर भारत में आतंक फैलाने, युवाओं को भड़काने और हथियारों की तस्करी का काम करता है। जांच में सामने आया है कि उसे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI का समर्थन मिल रहा है और उसने ‘तहरीक-ए-तलिबान हिंदुस्तान’ (TTH) नाम का एक संगठन भी बनाया है। पुलिस अब इस सिंडिकेट के फंडिंग और अन्य मददगारों की तलाश कर रही है।