Delhi के सभी पुलिस थानों में शुरू होगा ‘थाना दिवस’, हर शनिवार सीधे पुलिस अफसरों से मिल सकेंगे लोग
Delhi: दिल्ली पुलिस ने आम जनता और पुलिस के बीच की दूरी को कम करने के लिए ‘थाना दिवस – जन सुनवाई’ नाम से एक नई पहल शुरू की है। इस प्रोग्राम का मकसद लोगों की शिकायतों का जल्दी निपटारा करना और पुलिस की कार्यप्रण
Delhi: दिल्ली पुलिस ने आम जनता और पुलिस के बीच की दूरी को कम करने के लिए ‘थाना दिवस – जन सुनवाई’ नाम से एक नई पहल शुरू की है। इस प्रोग्राम का मकसद लोगों की शिकायतों का जल्दी निपटारा करना और पुलिस की कार्यप्रणाली को और ज्यादा पारदर्शी बनाना है। अब दिल्ली के लोग अपनी समस्याओं को लेकर सीधे पुलिस अधिकारियों से बात कर सकेंगे।
यह पूरी योजना दिल्ली के उपराज्यपाल (LG) तरनजीत सिंह संधू के निर्देशों पर शुरू की गई है, जिसे पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा ने एक सर्कुलर के जरिए औपचारिक रूप दिया है। इस पहल के तहत दिल्ली के सभी पुलिस थानों में हर शनिवार सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक जन सुनवाई होगी। कुछ जगहों पर यह महीने में कम से कम दो बार, अलग-अलग शनिवार को आयोजित किया जाएगा।
इस व्यवस्था की खास बात यह है कि शिकायतकर्ता चाहे उसने पहले से ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई हो या नहीं, उसकी बात सुनी जाएगी। सभी शिकायतों को बाद में Integrated Complaint Monitoring System (ICMS) पर अपलोड किया जाएगा ताकि उन पर नजर रखी जा सके। पुलिस थानों को निर्देश दिए गए हैं कि वे शिकायतों का रिकॉर्ड अलग से रखें और समय सीमा के भीतर उनका समाधान करें।
आम लोगों का भरोसा जीतने के लिए इस सुनवाई में स्पेशल कमिश्नर, जॉइंट कमिश्नर और डीसीपी जैसे बड़े अधिकारी बारी-बारी से पहुंचेंगे। जिला डीसीपी, एसीपी और एसएचओ को इस प्रोग्राम को सही से लागू करने की जिम्मेदारी दी गई है। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, एसएचओ को निर्देश मिला है कि थानों में आने वाले लोगों के लिए बैठने की अच्छी व्यवस्था और हेल्प डेस्क हो ताकि लोगों को परेशानी न हो।
दिल्ली पुलिस इस जानकारी को आरडब्ल्यूए (RWA), मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन और सोशल मीडिया के जरिए लोगों तक पहुंचाएगी। हर जिला पुलिस अपनी रिपोर्ट हफ्ते या 15 दिन में जमा करेगी, जिसमें बताया जाएगा कि कितनी शिकायतें मिलीं और कितनों का निपटारा हुआ।