Delhi के सभी पुलिस स्टेशनों में हर शनिवार होगी जन सुनवाई, LG टी.एस. संधू ने दिए निर्देश

Delhi: अब दिल्ली के लोगों को अपनी शिकायतें लेकर पुलिस थानों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। उपराज्यपाल टी.एस. संधू के निर्देश के बाद दिल्ली पुलिस ने ‘थाना दिवस-जन सुनवाई’ की शुरुआत करने का फैसला किया है। इस पहल

Delhi: अब दिल्ली के लोगों को अपनी शिकायतें लेकर पुलिस थानों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। उपराज्यपाल टी.एस. संधू के निर्देश के बाद दिल्ली पुलिस ने ‘थाना दिवस-जन सुनवाई’ की शुरुआत करने का फैसला किया है। इस पहल का मकसद आम जनता की समस्याओं को सीधे सुनना और उनका जल्द समाधान करना है ताकि पुलिस और जनता के बीच भरोसा बढ़ सके।

यह खास व्यवस्था 20 जून 2026 से लागू होगी। इसके तहत दिल्ली के हर पुलिस स्टेशन में हर शनिवार सुबह 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक जन सुनवाई होगी। पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा ने इसके लिए जरूरी गाइडलाइंस जारी कर दी हैं। अब स्पेशल कमिश्नर से लेकर असिस्टेंट कमिश्नर तक के सभी बड़े अधिकारी बारी-बारी से इन सत्रों में शामिल होंगे ताकि काम की सही निगरानी हो सके।

नियमों के मुताबिक, पुलिस स्टेशनों में अब शिकायत दर्ज करने के लिए एक अलग जानकारी शीट रखी जाएगी। जिन शिकायतों में जांच या फील्ड एक्शन की जरूरत होगी, उन्हें तुरंत सौंपा जाएगा और एक तय समय सीमा के भीतर निपटाना होगा। एसीपी और डीसीपी समय-समय पर इन लंबित शिकायतों की समीक्षा करेंगे। थाना प्रभारियों (SHOs) को निर्देश दिया गया है कि वे थानों में बैठने की उचित व्यवस्था और हेल्प डेस्क बनाएं ताकि आने वाले लोगों को परेशानी न हो।

विशेष बात यह है कि जन सुनवाई के दौरान लाई गई हर शिकायत सुनी जाएगी, चाहे वह पहले से ऑनलाइन सिस्टम (ICMS) में दर्ज हो या नहीं। अगर किसी अधिकारी ने शिकायतों को हल्के में लिया या काम में देरी की, तो उन्हें व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार माना जाएगा। हर जिले को हर 15 दिन में एक रिपोर्ट देनी होगी, जिसमें बताया जाएगा कि कितनी शिकायतें आईं और कितनों का समाधान हुआ।

स्पेशल सीपी क्राइम ब्रांच हरगोबिंद सिंह धलीवाल ने बताया कि अक्सर लोगों की शिकायत यह रहती है कि थाने में उनकी बात सुनने वाला कोई नहीं होता। अब हर शनिवार को स्टाफ की मौजूदगी तय होगी, जिससे लोगों को उनकी शिकायत की स्थिति पता चलेगी और समय पर मदद मिल सकेगी। इस योजना के प्रचार के लिए रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) और मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन की मदद ली जाएगी।