Delhi में आतंकी हमले की साजिश नाकाम, पंजाब से 4 संदिग्ध गिरफ्तार; तुर्किये से आए थे हथियार
Delhi: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने राजधानी में एक बड़ी आतंकी साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया है। पुलिस ने पंजाब और दिल्ली से चार संदिग्ध आतंकवादियों को पकड़ा है, जो दिल्ली को दहलाने की योजना बना रहे थे। ये सभी आरोपी पा
Delhi: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने राजधानी में एक बड़ी आतंकी साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया है। पुलिस ने पंजाब और दिल्ली से चार संदिग्ध आतंकवादियों को पकड़ा है, जो दिल्ली को दहलाने की योजना बना रहे थे। ये सभी आरोपी पाकिस्तान में बैठे आईएसआई हैंडलर शहजाद भट्टी के संपर्क में थे और उसके इशारे पर काम कर रहे थे।
स्पेशल सेल के पुलिस उपायुक्त प्रवीण कुमार त्रिपाठी ने बताया कि उन्हें खुफिया जानकारी मिली थी कि शहजाद भट्टी दिल्ली-एनसीआर में हमले के लिए पंजाब के युवाओं को भर्ती कर रहा है। जांच में पता चला कि पकड़े गए चारों युवक पंजाब के रहने वाले हैं, जिनके नाम शुभदीप सिंह उर्फ विशाल, गुरजंत सिंह उर्फ ऋषि, साजन सिंह उर्फ हनी और गगनप्रीत हैं। ये लोग विदेशी नंबरों और सोशल मीडिया के जरिए अपने पाकिस्तानी आकाओं से जुड़े हुए थे ताकि पुलिस की नजरों से बच सकें।
पुलिस ने इन आरोपियों के पास से तुर्किये में बनी एक जिगाना पिस्टल समेत दो पिस्तौल, नौ कारतूस और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपियों में से गगनप्रीत दिल्ली में रहकर कई धार्मिक स्थलों, पुलिस थानों और सरकारी इमारतों की रेकी कर रहा था। वह इन जगहों के वीडियो बनाकर पाकिस्तान भेजता था और उसे दिल्ली में गोलीबारी करने का काम सौंपा गया था।
जांच में यह भी सामने आया कि आईएसआई ड्रोन के जरिए पंजाब के रास्ते भारत में हथियार और ड्रग्स भेज रही थी, जिसे शुभदीप सिंह रिसीव करता था। शहजाद भट्टी का संबंध तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान (टीटीएच) जैसे संगठनों से भी रहा है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की पूछताछ जारी है।