Delhi से लापता दो नाबालिग लड़कियां Bihar से बरामद, पुलिस ने चलाया स्पेशल ऑपरेशन
Delhi: दिल्ली पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए बिहार से दो नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित बरामद कर लिया है। ये दोनों लड़कियां दिल्ली से लापता थीं और काफी समय से उनकी तलाश की जा रही थी। दिल्ली पुलिस की एंटी-ह्यूमन ट्
Delhi: दिल्ली पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए बिहार से दो नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित बरामद कर लिया है। ये दोनों लड़कियां दिल्ली से लापता थीं और काफी समय से उनकी तलाश की जा रही थी। दिल्ली पुलिस की एंटी-ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) की सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट टीम ने बिहार पुलिस के साथ मिलकर इस रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दिया।
पुलिस के मुताबिक, पहली नाबालिग लड़की को 22 जुलाई 2026 को बिहार के सहरसा जिले में ट्रैक किया गया था। हालांकि, वह लगातार अपनी लोकेशन बदल रही थी और उसका हैंडसेट सुपौल में पाया गया, जिसके बाद सुपौल पुलिस की मदद से उसे बरामद किया गया। वहीं दूसरी 15 साल की लड़की, जो 12 दिसंबर 2025 से आनंद पर्वत इलाके से लापता थी, उसे मधुबनी और साहरघाट में ट्रेस किया गया और वहां से सुरक्षित बचा लिया गया।
जांच में यह बात सामने आई कि दोनों लड़कियों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए जानबूझकर अपने सिम कार्ड बदले थे और अपनी लोकेशन बदलती रहीं। दिल्ली पुलिस की AHTU टीम ने तकनीकी निगरानी और खुफिया जानकारी के आधार पर यह ऑपरेशन चलाया। पुलिस ने बताया कि इस साल अब तक इस यूनिट ने कुल 46 लापता लोगों को ढूंढकर बरामद किया है।
दोनों लड़कियों को अब दिल्ली वापस लाया गया है। उनकी सही पहचान करने के बाद उन्हें आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित जांच अधिकारियों (IO) के हवाले कर दिया गया है।