Delhi Police ने जेल से दोबारा पकड़ा हथियार तस्कर Salim Pistol, नेपाल के रास्ते चलता था हथियारों का बड़ा नेटवर्क
Delhi: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने हथियारों की तस्करी करने वाले सलीम अहमद उर्फ सलीम पिस्टल को दोबारा गिरफ्तार किया है। सलीम पहले से ही तिहार जेल में बंद था, लेकिन अब उसे UAPA जैसे सख्त कानून के तहत गिरफ्तार किया गया
Delhi: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने हथियारों की तस्करी करने वाले सलीम अहमद उर्फ सलीम पिस्टल को दोबारा गिरफ्तार किया है। सलीम पहले से ही तिहार जेल में बंद था, लेकिन अब उसे UAPA जैसे सख्त कानून के तहत गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसे पांच दिन की रिमांड पर लिया है ताकि इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच की जा सके।
जांच में पता चला है कि यह पूरा खेल गैंगस्टर शाहबाज अंसारी के इशारे पर चल रहा था, जो फिलहाल बांग्लादेश में बैठकर इसे ऑपरेट कर रहा है। यह गिरोह विदेश से पिस्टल के पुर्जे नेपाल भेजता था। इन पुर्जों को कार्गो या औद्योगिक कबाड़ बताकर कस्टम विभाग की नजरों से बचाया जाता था। नेपाल में गुप्त वर्कशॉप के अंदर इन पुर्जों को जोड़कर हथियार तैयार किए जाते थे और फिर उन्हें गाड़ियों या अन्य सामानों में छिपाकर भारत लाया जाता था।
दिल्ली पुलिस के जॉइंट कमिश्नर (क्राइम) सुरेंद्र कुमार ने बताया कि इस सिंडिकेट ने हथियारों की सप्लाई के लिए दो मुख्य रास्तों का इस्तेमाल किया। एक रास्ता नेपाल की खुली सीमा का था और दूसरा पंजाब और राजस्थान के रास्ते पाकिस्तान बॉर्डर का, जहां ड्रोन और अवैध रास्तों का उपयोग होता था। पुलिस ने अब तक 21 हाई-एंड विदेशी हथियार और 200 से ज्यादा जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पैसे के लेन-देन के लिए यह गिरोह हवाला चैनल और मैसेजिंग ऐप्स का इस्तेमाल करता था ताकि पुलिस को भनक न लगे। सलीम पिस्टल को अगस्त 2025 में भारत-नेपाल सीमा के पास से पहली बार पकड़ा गया था। इस केस में राहील, हासिम, साइम, सोनू गुप्ता और वसीम मलिक समेत कई अन्य गुर्गों को भी पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।