Delhi में मुठभेड़ के बाद कपिल सांगवान गैंग के 2 गुर्गे गिरफ्तार, दोनों के पैर में लगी गोली

Delhi: बाहरी जिला पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात कपिल सांगवान उर्फ नंदू गैंग के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह मुठभेड़ रविवार देर रात टिकरी कलां इलाके में हुई, जहां पुलिस और अपराधिय

Delhi: बाहरी जिला पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात कपिल सांगवान उर्फ नंदू गैंग के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह मुठभेड़ रविवार देर रात टिकरी कलां इलाके में हुई, जहां पुलिस और अपराधियों के बीच गोलीबारी हुई। इस कार्रवाई में दोनों अपराधियों के पैर में गोली लगी है और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक, इन दोनों अपराधियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। गिरफ्तार आरोपियों में से एक की पहचान रोहित उर्फ चीरा के रूप में हुई है, जो नरेला थाने के एक मामले में पैरोल जंपर था। ये दोनों अपराधी हरियाणा के झज्जर जिले के बहादुरगढ़ सिटी पुलिस स्टेशन में दर्ज एक फायरिंग केस में वांछित थे, जहां उन्होंने एक प्रॉपर्टी डीलर के घर पर गोली चलाई थी।

घटना के दौरान पुलिस टीम पर भी हमला हुआ। कांस्टेबल अनुज और कांस्टेबल हरकेश की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली लगी, जिससे उनकी जान बच गई। पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने के बाद जाल बिछाया गया था और जब संदिग्धों को सरेंडर करने के लिए कहा गया, तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की, जिसके बाद दोनों को दबोच लिया गया।

नंदू गैंग के खिलाफ दिल्ली पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इससे पहले मई महीने में स्पेशल सेल ने इस गिरोह के पांच सदस्यों को पकड़ा था, जिनमें तीन शार्पशूटर और दो हथियार सप्लाई करने वाले शामिल थे। उस समय पुलिस ने छावला इलाके के एक क्लिनिक पर रंगदारी के लिए फायरिंग की साजिश को नाकाम किया था। फिलहाल पुलिस पकड़े गए आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है।