Delhi Police की चेतावनी, अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें, बच्चों की सुरक्षा के लिए जारी किया अलर्ट

Delhi: दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया इस्तेमाल करने वालों, खासकर बच्चों और उनके माता-पिता के लिए एक जरूरी चेतावनी जारी की है। पुलिस ने साफ कहा है कि इंटरनेट पर आने वाली हर फ्रेंड रिक्वेस्ट अच्छे इरादों से नहीं जुड़ी होती है

Delhi: दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया इस्तेमाल करने वालों, खासकर बच्चों और उनके माता-पिता के लिए एक जरूरी चेतावनी जारी की है। पुलिस ने साफ कहा है कि इंटरनेट पर आने वाली हर फ्रेंड रिक्वेस्ट अच्छे इरादों से नहीं जुड़ी होती है। लोगों को सलाह दी गई है कि किसी भी अनजान व्यक्ति की रिक्वेस्ट स्वीकार करने से पहले उसकी पूरी जांच कर लें ताकि साइबर अपराधों से बचा जा सके।

यह जागरूकता संदेश दिल्ली पुलिस के आधिकारिक हैंडल से साझा किया गया, जिसे ट्रैफिक पुलिस ने भी रीट्वीट किया। इस मुहिम में उपराज्यपाल दिल्ली को भी टैग किया गया है। पुलिस ने बताया कि डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के लिए सावधानी बरतना बहुत जरूरी है। अगर कोई समस्या आती है या मदद की जरूरत हो, तो लोग चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 और साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क कर सकते हैं।

बता दें कि दिल्ली के उपराज्यपाल के निर्देशों के बाद दिल्ली पुलिस ने जुलाई के पूरे महीने को ‘चाइल्ड सेफ्टी अवेयरनेस मंथ’ के रूप में मनाने का फैसला किया है। 1 जुलाई को पुलिस कमिश्नर सतीश गोलछा और उपराज्यपाल सरदार तरणजीत सिंह संधू ने यह बात दोहराई कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा दिल्ली पुलिस की सबसे बड़ी प्राथमिकता है।

ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर वैश्विक स्तर पर भी प्रयास जारी हैं। भारत ने G7 देशों के साथ मिलकर डिजिटल स्पेस में बच्चों की सुरक्षा के लिए ‘सेफ्टी-बाय-डिजाइन’ नियमों को अपनाने का समर्थन किया है। इसके अलावा, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने भी इंटरनेट पर बच्चों के खिलाफ हानिकारक कंटेंट को रोकने के लिए आईटी नियम 2021 लागू किए हैं, ताकि इंटरनेट का इस्तेमाल सुरक्षित तरीके से हो सके।