Delhi में पुलिस कॉन्स्टेबल ने पत्नी को मारी गोली, जन्मदिन के कुछ घंटों बाद वारदात; दहेज उत्पीड़न का आरोप
Delhi: राजधानी दिल्ली में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहां एक पुलिस कॉन्स्टेबल ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। यह वारदात सोमवार तड़के करीब 3 बजे हुई। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को ले
Delhi: राजधानी दिल्ली में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहां एक पुलिस कॉन्स्टेबल ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। यह वारदात सोमवार तड़के करीब 3 बजे हुई। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई थी, जिसके बाद कॉन्स्टेबल ने अपनी सर्विस पिस्टल से पत्नी पर फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गया।
मृतका की पहचान प्रियंका के रूप में हुई है, जो अशोक विहार के एक प्राइवेट स्कूल में टीचर थीं। जानकारी के मुताबिक, यह घटना प्रियंका के जन्मदिन के कुछ ही घंटों बाद हुई। सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि गोली चलने से ठीक पहले दोनों के बीच काफी झगड़ा हो रहा था। घायल प्रियंका को एक डिलीवरी बॉय या ऑटो ड्राइवर ने सड़क किनारे पड़ा देखा और तुरंत लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी का नाम मनीष भाटी है, जो दिल्ली पुलिस के ईस्ट डिस्ट्रिक्ट की एंटी-ऑटो थेफ्ट स्क्वाड (AATS) यूनिट में तैनात था। वह साल 2022 में पुलिस बल में शामिल हुआ था। कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि मनीष का संबंध रंदीप भाटी गैंग से होने के संदेह में उसका पहले तबादला भी किया गया था।
प्रियंका के परिवार ने मनीष और उसके परिवार पर दहेज के लिए प्रताड़ना और घरेलू हिंसा के गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि मनीष उनसे लगातार पैसों की मांग कर रहा था। इस मामले में पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है। चूंकि शादी को सात साल से कम समय हुआ था, इसलिए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए गए हैं।
DCP (ईस्ट) राजीव कुमार ने बताया कि आरोपी कॉन्स्टेबल को पकड़ने के लिए पांच अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। फोरेंसिक टीम ने भी क्राइम सीन की जांच की है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पड़ोसियों ने भी बताया कि अक्सर इस जोड़े के बीच झगड़े होते रहते थे।