Delhi Police ने 4 राज्यों में फैला आतंकी मॉड्यूल किया ध्वस्त, 5 और लोग गिरफ्तार
Delhi: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय आतंकी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दिल्ली, यूपी, हरियाणा, राजस्थान और पंजाब में फैले इस मॉड्यूल से जुड़े पांच और लोगों को गिरफ्तार किया है। यह पूरा गिरो
Delhi: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय आतंकी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दिल्ली, यूपी, हरियाणा, राजस्थान और पंजाब में फैले इस मॉड्यूल से जुड़े पांच और लोगों को गिरफ्तार किया है। यह पूरा गिरोह पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के इशारे पर काम कर रहा था और देश में अशांति फैलाने की साजिश रच रहा था।
डीसीपी प्रवीण कुमार त्रिपाठी और डीसीपी नरा चैतन्य के मुताबिक, यह मॉड्यूल पाकिस्तान में बैठे गैंगस्टर और आतंकी शहजाद भट्टी और उसके साथी अजमल गुज्जर के निर्देश पर चल रहा था। गिरफ्तार किए गए लोगों में फरीदाबाद से सोहैल, दिल्ली से सोनू मीणा, राजस्थान से सचिन कुमार मीणा, हरियाणा से मोहम्मद कैफ और उत्तर प्रदेश से मोहम्मद रिहान शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि ये लोग दिल्ली और आसपास के राज्यों में पुलिसकर्मियों और सुरक्षा ठिकानों को निशाना बनाने की फिराक में थे।
जांच में सामने आया कि ये लोग ‘तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान’ (TTH) नाम के एक संगठन को बढ़ावा दे रहे थे। सोहैल नाम के आरोपी ने दिल्ली और फरीदाबाद में TTH की ग्रैफिटी और पोस्टर बनाए थे, जिसके लिए उसे 5,000 रुपये मिले थे। वहीं सोनू मीणा हथियारों का इंतजाम करने और दूसरे सदस्यों को पैसे देने का काम संभाल रहा था। पुलिस ने इनके पास से पांच हथियार, 10 जिंदा कारतूस, पोस्टर और कुछ डिजिटल सबूत बरामद किए हैं। इन सबूतों में पुलिसकर्मियों को धमकी देने वाले वीडियो और कुछ ठिकानों की निगरानी की जानकारी मिली है।
इस मॉड्यूल पर अमृतसर के मजीठा में एक असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) की हत्या की जिम्मेदारी लेने का भी आरोप है। इससे पहले 16 जून को भी पुलिस ने सात लोगों को पकड़ा था, जिनमें मोहित उर्फ योगी, अनस त्यागी और आरिफ प्रधान जैसे नाम शामिल थे। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और आगे की जांच जारी है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े बाकी लोगों तक पहुंचा जा सके।