Delhi-NCR में आतंकी साजिश नाकाम, पाकिस्तान से जुड़े नेटवर्क के 7 सदस्य गिरफ्तार
Delhi: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बहुत बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए पाकिस्तान से जुड़े एक आतंकी-अपराध सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। इस ऑपरेशन में पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार किया है, जो दिल्ली और एनसीआर के इलाकों
Delhi: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बहुत बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए पाकिस्तान से जुड़े एक आतंकी-अपराध सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। इस ऑपरेशन में पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार किया है, जो दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में हमले करने की योजना बना रहे थे। यह पूरा नेटवर्क पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के इशारे पर काम कर रहा था।
पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को लालच देकर अपने साथ जोड़ता था। उन्हें कम समय में ज्यादा पैसा कमाने और अपराध की दुनिया की चमक-धमक दिखाकर फंसाया जाता था। एक बार जब युवा इस जाल में फंस जाते, तो उनसे हथियार और ड्रग्स की तस्करी करवाई जाती थी। पकड़े गए लोगों ने दिल्ली, गाजियाबाद और आसपास के संवेदनशील इलाकों की रेकी की थी और वहां की फोटो और वीडियो पाकिस्तान में बैठे अपने हैंडलर्स को भेजे थे। हरियाणा के एक रेस्टोरेंट को भी निशाना बनाने की योजना थी।
इस पूरे सिंडिकेट को पाकिस्तान में बैठा गैंगस्टर और आतंकी शाहजाद भट्टी चला रहा था, जिसमें अजमल गुज्जर उसका मुख्य मददगार था। दिल्ली पुलिस ने इन आरोपियों के पास से 5 सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, 41 जिंदा कारतूस, कई मोबाइल फोन और एक स्कॉर्पियो गाड़ी बरामद की है। मोबाइल फोन में शाहजाद भट्टी और अजमल गुज्जर के साथ हुई बातचीत के सबूत मिले हैं। साथ ही उन बैंक खातों की जानकारी भी मिली है, जिनका इस्तेमाल ड्रग्स और हथियारों के पैसों के लेन-देन के लिए किया जा रहा था।
गिरफ्तार किए गए लोगों में अनस उर्फ अनस त्यागी (26), मोहित उर्फ योगी (26), दीपक उर्फ दीपक अग्रोला (38), आरिफ उर्फ प्रधान (30), करणवीर सिंह (26), जतन (29) और साबिर (30) शामिल हैं। इनमें से कई लोगों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी है, जिन पर हत्या, लूट और एनडीपीएस एक्ट जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य फरार सदस्यों और हथियारों की सप्लाई करने वालों की तलाश कर रही है।