Delhi में शिशु तस्करी का बड़ा रैकेट ध्वस्त, 12 गिरफ्तार और 5 नवजात बच्चे बचाए गए

Delhi: दिल्ली पुलिस ने बच्चों की तस्करी करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में दिल्ली और राजस्थान समेत कई राज्यों से 12 से 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस ऑपरेशन के दौरान पुलिस

Delhi: दिल्ली पुलिस ने बच्चों की तस्करी करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में दिल्ली और राजस्थान समेत कई राज्यों से 12 से 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने 5 नवजात शिशुओं को सुरक्षित बचाया है, जिनकी उम्र 5 दिन से लेकर 4 महीने तक है।

इस पूरे मामले का खुलासा एक गुप्त सूचना के बाद हुआ। डीसीपी (सेंट्रल) रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि एक नागरिक ने पहाड़गंज इलाके में एक महिला को देखा था, जो अक्सर अलग-अलग बच्चों के साथ वहां रहती थी। इस जानकारी के बाद पुलिस ने 5 जून को पहाड़गंज के आरके आश्रम मेट्रो स्टेशन के पास एक नकली ग्राहक (decoy operation) भेजकर तीन आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा।

जांच में पता चला कि इस रैकेट की मास्टरमाइंड एक महिला है, जो खुद को डॉक्टर बताती थी। वह रोहिणी के बेगमपुर इलाके में हीरा मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल (हीरा कपूर अस्पताल) चलाती थी। पुलिस ने इस गिरोह के दलालों, खरीदारों, एक लैब टेक्नीशियन, ड्राइवर और एक घरेलू सहायिका को भी गिरफ्तार किया है। यह गिरोह बच्चों के जन्म रिकॉर्ड और कागजों में हेरफेर करके उन्हें लाखों रुपये में उन दंपतियों को बेचता था जिनके बच्चे नहीं थे।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अब तक मिले सबूतों से लगता है कि इस नेटवर्क के जरिए 20 से ज्यादा नवजात शिशुओं की तस्करी की जा चुकी है। यह नेटवर्क दिल्ली के अलावा राजस्थान, हरियाणा, मध्य प्रदेश और गुजरात जैसे राज्यों में फैला हुआ था। बचाए गए बच्चों को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है और उन्हें कानूनी सुरक्षा के लिए बाल कल्याण समिति (Child Welfare Committee) के सामने पेश किया जाएगा। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।