Delhi में मोबाइल तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, 10 गिरफ्तार और 1 करोड़ के फोन बरामद

Delhi: दिल्ली पुलिस ने चोरी के मोबाइल फोन को विदेश भेजने वाले एक बड़े अंतरराष्ट्रीय गिरोह को पकड़ा है। पुलिस ने इस मामले में 10 लोगों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से करीब एक करोड़ रुपये के 325 महंगे मोबाइल फोन बरामद क

Delhi: दिल्ली पुलिस ने चोरी के मोबाइल फोन को विदेश भेजने वाले एक बड़े अंतरराष्ट्रीय गिरोह को पकड़ा है। पुलिस ने इस मामले में 10 लोगों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से करीब एक करोड़ रुपये के 325 महंगे मोबाइल फोन बरामद किए हैं। ये फोन चोरी करके बांग्लादेश और नेपाल जैसे देशों में तस्करी के लिए भेजे जा रहे थे।

रोहिणी जिले के DCP शशांक जायसवाल और संयुक्त आयुक्त विजय सिंह ने बताया कि रोहिणी इलाके में मोबाइल चोरी की घटनाएं बढ़ रही थीं, लेकिन फोन बरामद नहीं हो पा रहे थे। इसी वजह से पुलिस ने जांच शुरू की। तकनीकी निगरानी, डिजिटल फोरेंसिक और कूरियर रिकॉर्ड की जांच के बाद इस नेटवर्क का पता चला। पुलिस ने राजा उर्फ राजू, करण, गोविंद, सनी कुमार, संजीव, अजय, ऋषिकेश, अली खान, विक्रम और विनय को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो कूरियर ऑपरेटर भी शामिल हैं।

यह गिरोह बहुत ही शातिर तरीके से काम कर रहा था। दिल्ली और आसपास के इलाकों से चोरी किए गए फोन को रोहिणी के अवंतिका क्षेत्र में एक किराए के फ्लैट में जमा किया जाता था। वहां फोन की छंटाई और पैकिंग होती थी, जिसके बाद उन्हें कूरियर के जरिए कोलकाता, मालदा और मुर्शिदाबाद भेजा जाता था। वहां से इन फोन को अवैध तरीके से बांग्लादेश पहुंचाया जाता था। वहीं नेपाल भेजने के लिए उत्तर प्रदेश के रास्ते एक अलग नेटवर्क का इस्तेमाल होता था।

पुलिस जांच में सामने आया है कि पिछले एक साल में इस गिरोह ने करीब 10,000 से 12,000 मोबाइल फोन सीमा पार भेजे हैं। बरामद किए गए 325 फोन में से लगभग 150 फोन दिल्ली में हुई चोरी और झपटमारी की घटनाओं से जुड़े पाए गए हैं। बाकी फोन की जांच चल रही है और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन्हें असली मालिकों को लौटा दिया जाएगा। इस पूरे धंधे के लिए पैसों का लेन-देन हवाला नेटवर्क के जरिए किया जाता था और बांग्लादेश में बैठे मास्टरमाइंड की तलाश जारी है।