Delhi में 37.5 लाख की लूट का ड्रामा, कंपनी के दो कर्मचारी ही निकले मास्टरमाइंड, 24 घंटे में गिरफ्तार

Delhi: दिल्ली पुलिस ने बुराड़ी इलाके में हुई 37.5 लाख रुपये की बड़ी लूट का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि यह लूट किसी बाहरी गिरोह ने नहीं, बल्कि पीड़ित कंपनी के ही दो कर्मचारियों ने अपने

Delhi: दिल्ली पुलिस ने बुराड़ी इलाके में हुई 37.5 लाख रुपये की बड़ी लूट का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि यह लूट किसी बाहरी गिरोह ने नहीं, बल्कि पीड़ित कंपनी के ही दो कर्मचारियों ने अपने एक साथी के साथ मिलकर रची थी। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है और लूटी गई रकम का बड़ा हिस्सा बरामद कर लिया है।

यह पूरी घटना 9 जुलाई को आउटर रिंग रोड पर बुराड़ी फ्लाईओवर के पास हुई थी। पुलिस को मोहन दास नाम के व्यक्ति से पीसीआर कॉल मिली थी कि उनके साथ लूट हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट पुलिस, वजीराबाद पुलिस स्टेशन और स्पेशल स्टाफ की संयुक्त टीमों ने जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और कॉल डिटेल रिकॉर्ड की बारीकी से जांच की।

जांच के दौरान पुलिस को कर्मचारियों के बयानों में काफी अंतर नजर आया। आरोपियों ने दावा किया था कि लुटेरे उनका मोबाइल फोन छीनकर ले गए, लेकिन जब पुलिस ने उनकी मोटरसाइकिल की तलाशी ली, तो वह फोन स्टोरेज कंपार्टमेंट से मिल गया। इसके अलावा, आरोपी योगेश के कंधे पर चोट के निशान भी नकली लगे, जिससे पुलिस का शक यकीन में बदल गया।

सख्ती से पूछताछ करने पर अभिषेक (26) और योगेश (26), जो कि विज्ञापन और अखबार प्रकाशन कंपनी के कर्मचारी थे, ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने साथी विपिन (29) के साथ मिलकर यह साजिश रची थी। ये लोग चांदनी चौक से ग्राहकों से इकट्ठा की गई 37.5 लाख रुपये की नकदी ले जा रहे थे, तभी इन्होंने लूट का नाटक किया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 36.92 लाख रुपये नकद, चार मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है ताकि पूरी साजिश का पर्दाफाश किया जा सके।