Delhi में फर्जी शादी का अंतरराज्यीय गिरोह पकड़ा गया, झारखंड के पति-पत्नी समेत 3 गिरफ्तार
Delhi: दिल्ली पुलिस ने फर्जी शादी कराने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें झारखंड के रहने वाले एक पति-पत्नी और उनका दिल्ली का एक साथी शामिल है।
Delhi: दिल्ली पुलिस ने फर्जी शादी कराने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें झारखंड के रहने वाले एक पति-पत्नी और उनका दिल्ली का एक साथी शामिल है। यह गिरोह अकेले पुरुषों को अपना निशाना बनाता था और शादी के नाम पर उनसे मोटी रकम ठगता था।
मामले का खुलासा तब हुआ जब ख्याला पुलिस स्टेशन में 18 जून को लवली उर्फ ललिता नाम की एक महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। जांच के दौरान पता चला कि इस महिला ने राजस्थान के जालोर निवासी श्रवण वैष्णव से 1 जून को फर्जी शादी की थी। पीड़ित श्रवण ने पुलिस में शिकायत की कि उससे 6 लाख रुपये ठगे गए हैं, जिसके बाद 29 जून को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत FIR नंबर 326/2026 दर्ज की गई।
डीसीपी हरेश्वर वी. स्वामी ने बताया कि इस गिरोह की मुख्य साजिशकर्ता झारखंड के गुमला की रहने वाली 34 वर्षीय लवली है। उसने पुलिस को बताया कि वह पिछले 18 साल से शादीशुदा है और उसके चार बच्चे हैं, लेकिन वह खुद को कुंवारी बताकर पुरुषों को फंसाती थी। उसके साथ उसके पति कमल लोहरा और दिल्ली के रघुबीर नगर निवासी डीपू उर्फ राकेश एक्का ने इस खेल में मदद की। गिरोह का मकसद शादी के बाद ससुराल से नकदी और कीमती सामान लेकर फरार होना था।
इस ऑपरेशन का नेतृत्व एसआई किशोर ने किया और इसकी निगरानी एसीपी तिलक नगर डॉ गरिमा तिवारी ने की। पुलिस ने अब अंकित वर्मा, दीपिका और गोपाल नाम के तीन अन्य आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इस गिरोह ने झारखंड और पश्चिम बंगाल जैसे अन्य राज्यों में भी लोगों को ठगा है या नहीं।