Delhi में ISI से जुड़े हथियारों के गिरोह का भंडाफोड़, 2 और गुर्गे गिरफ्तार, अब तक 18 लोग पुलिस की गिरफ्त में

Delhi: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े एक बड़े अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में दो और अहम गुर्गों को गिरफ्तार किया है, जिसके बाद इ

Delhi: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े एक बड़े अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में दो और अहम गुर्गों को गिरफ्तार किया है, जिसके बाद इस केस में पकड़े गए आरोपियों की कुल संख्या 18 हो गई है। यह पूरा गिरोह देश के अंदर आतंकी तत्वों और अपराधियों तक आधुनिक हथियार पहुँचाने का काम कर रहा था।

पुलिस ने इस ऑपरेशन में महफूज अली उर्फ बॉबी उर्फ कबूतर (43) और मोहम्मद अहमद (35) को पकड़ा है। क्राइम ब्रांच की एंटी-रॉबरी एंड स्नैचिंग सेल (ARSC) ने यह कार्रवाई इंस्पेक्टर मान सिंह और सुंदर गौतम के नेतृत्व में की। इस पूरे ऑपरेशन की निगरानी एसीपी संजय कुमार नागपाल और डीसीपी चंद्र कुमार सिंह ने की। पुलिस के मुताबिक, इस मॉड्यूल का मुख्य सरगना गैंगस्टर शाहबाज अंसारी है, जो फिलहाल फरार है।

जांच में यह बात सामने आई कि यह गिरोह पाकिस्तान से आधुनिक हथियार मंगवाता था। हथियारों के पुर्जों को खास तौर पर बनाई गई वेल्डिंग मशीनों और गियरबॉक्स के अंदर छिपाकर भेजा जाता था। इन सामानों को पहले एयर कार्गो के जरिए नेपाल की राजधानी काठमांडू भेजा जाता था और वहां से तस्करी कर भारत लाया जाता था।

पुलिस ने अब तक इस नेटवर्क से कुल 32 विदेशी हथियार और 363 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी महफूज अली के बारे में पता चला है कि उसने अपने भाई इमरान और साथी नदीम उर्फ चाचा फाडू के साथ मिलकर उत्तर-पूर्वी दिल्ली के जाफराबाद इलाके में अवैध हथियार बनाने और उन्हें जोड़ने की एक यूनिट भी शुरू की थी।

इस गंभीर मामले में पुलिस ने गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA), भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। क्राइम ब्रांच की टीम अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और पैसों के लेनदेन का पता लगाने में जुटी है ताकि इस पूरे नेटवर्क को पूरी तरह खत्म किया जा सके।