Delhi में ADM बनकर 60 लाख की ठगी करने वाला शख्स गिरफ्तार, सरकारी नौकरी और प्लॉट का दिया था लालच
Delhi: दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे जालसाज को पकड़ा है जिसने खुद को ADM बताकर कई लोगों से करीब 60 लाख रुपये ठग लिए। आरोपी ने लोगों को सरकारी नौकरी दिलाने और नोएडा में सस्ते प्लॉट दिलाने का झांसा दिया था। पुलिस ने आरोपी के पास
Delhi: दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे जालसाज को पकड़ा है जिसने खुद को ADM बताकर कई लोगों से करीब 60 लाख रुपये ठग लिए। आरोपी ने लोगों को सरकारी नौकरी दिलाने और नोएडा में सस्ते प्लॉट दिलाने का झांसा दिया था। पुलिस ने आरोपी के पास से फर्जी आईडी कार्ड और कई दस्तावेज बरामद किए हैं।
पकड़ा गया आरोपी पवन कुमार पांडे उर्फ वरुण कुमार पांडे है, जो दिल्ली के गांधी विहार का रहने वाला है। उसने खुद को 2015 बैच का PCS अधिकारी और झांसी का पूर्व ADM बताया था। उसने यूपी के एक असली अधिकारी की पहचान का गलत इस्तेमाल किया ताकि लोग उस पर भरोसा कर सकें। इस ठगी की शिकायत मार्च 2026 में दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
डीसीपी (सेंट्रल) रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि आरोपी ने बिचौलियों के जरिए लोगों से पैसे लिए। पुलिस ने जांच में पाया कि आरोपी ने ठगी के पैसों से एक Swift कार और एक स्कूटर भी खरीदा था। पुलिस को आरोपी के पास से फर्जी विजिटिंग कार्ड, जाली शैक्षिक प्रमाण पत्र और सरकारी कागजात मिले हैं।
पुलिस ने इस मामले में डिजिटल सबूत भी जुटाए हैं, जिनमें व्हाट्सएप चैट, ऑडियो रिकॉर्डिंग और ई-साक्ष्य वीडियो शामिल हैं। बैंक खातों और UPI ट्रांजैक्शन की जांच से भी पैसों के लेन-देन की पुष्टि हुई है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 316(2), 319(2), 204 और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी है। साल 2019 में उत्तर प्रदेश के साहिबाबाद थाने में उसके खिलाफ एक मामला दर्ज हुआ था। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इस खेल में उसके और कौन-कौन साथी शामिल थे और कितने और लोग उसकी ठगी का शिकार हुए हैं।