Delhi में कुख्यात गैंगस्टर शब्बीर अली गिरफ्तार, मकोका मामले में था फरार, 14 केस दर्ज

Delhi: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए कुख्यात गैंगस्टर शब्बीर अली उर्फ शब्बीर चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। शब्बीर पिछले एक साल से मकोका (MCOCA) मामले में फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश म

Delhi: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए कुख्यात गैंगस्टर शब्बीर अली उर्फ शब्बीर चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। शब्बीर पिछले एक साल से मकोका (MCOCA) मामले में फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। उसे हरियाणा के शंभू बॉर्डर से तकनीकी जांच और खुफिया जानकारी के आधार पर पकड़ा गया।

शब्बीर अली मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले का रहने वाला है और 1990 के दशक से अपराध की दुनिया में सक्रिय है। पुलिस के मुताबिक, वह ‘शब्बीर चौधरी-हाशिम बाबा-अनवर चाचा’ गैंग का सरगना है। यह गिरोह दिल्ली के ट्रांस-यमुना इलाकों जैसे सीलमपुर, भजनपुरा, मौजपुर और शाहदरा के साथ-साथ यूपी के सटे जिलों में काफी सक्रिय रहा है। इस गैंग का नेटवर्क नेपाल और दुबई तक फैला हुआ था।

पुलिस ने बताया कि शब्बीर के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी और जमीन कब्जाने जैसे गंभीर अपराधों के कुल 14 मामले दर्ज हैं। वह अप्रैल 2025 से फरार था और उसके खिलाफ दिसंबर 2024 में दर्ज एफआईआर के बाद मकोका की धारा 3 और 4 के तहत कार्रवाई की गई थी। इस गिरोह के 9 अन्य सदस्य पहले ही पकड़े जा चुके हैं।

इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व डीसीपी स्पेशल सेल प्रवीण कुमार त्रिपाठी, इंस्पेक्टर आलोक कुमार मौर्य, इंस्पेक्टर नीतू कुमार और एसीपी आशीष कुमार की टीम ने किया। पटियाला हाउस कोर्ट के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सैयद ज़िशान अली वारसी ने मामले में आदेश पारित किया। पुलिस ने शब्बीर के पास से एक XUV 700 कार और एक स्कूटी भी बरामद की है।