Delhi के ओल्ड सीमापुरी में मुहर्रम जुलूस के दौरान फायरिंग, सोशल मीडिया विवाद में शख्स को मारी गोली
Delhi: पूर्वी दिल्ली के ओल्ड सीमापुरी इलाके में मुहर्रम के जुलूस के दौरान एक युवक को गोली मार दी गई। यह घटना शुक्रवार तड़के मंडे मार्केट के पास हुई, जहां सोशल मीडिया पर हुए पुराने विवाद के चलते हमला किया गया। पुलिस ने इस
Delhi: पूर्वी दिल्ली के ओल्ड सीमापुरी इलाके में मुहर्रम के जुलूस के दौरान एक युवक को गोली मार दी गई। यह घटना शुक्रवार तड़के मंडे मार्केट के पास हुई, जहां सोशल मीडिया पर हुए पुराने विवाद के चलते हमला किया गया। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और एक नाबालिग को हिरासत में लिया है।
जानकारी के मुताबिक, इरफ़ान नाम का व्यक्ति शुक्रवार रात करीब 1:30 बजे जुलूस में शामिल होने गया था। रात करीब 2:16 बजे हमलावरों ने उस पर फायरिंग कर दी, जिससे इरफ़ान के कंधे और पेट में गोलियां लगीं। पुलिस के अनुसार, यह पूरा विवाद सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़ी पुरानी दुश्मनी के कारण हुआ था।
पुलिस ने मामले की जांच के लिए CCTV फुटेज खंगाला और कई जगहों पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने 22 साल के फैज़ान को गिरफ्तार किया, जो गाज़ियाबाद का रहने वाला है और उस पर पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। साथ ही एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
जांच में यह भी सामने आया कि सलीम नाम के एक व्यक्ति ने सीटी बजाकर अपने साथियों को हमले का इशारा किया था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी इलाके में अपना खौफ पैदा कर अपराधी के रूप में अपनी पहचान बनाना चाहते थे। सीमापुरी पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत FIR दर्ज कर ली गई है और फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।