Delhi के ओखला में मिला मिलावटी खाने का जखीरा, 50 हजार पैकेट जब्त, कंपनी मालिक समेत 7 गिरफ्तार

Delhi: राजधानी दिल्ली के ओखला इंडस्ट्रियल एरिया में खाद्य सुरक्षा विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई की है। FSSAI की टीम ने Westend Corporation Pvt. Ltd. नाम की कंपनी पर छापा मारकर भारी मात्रा में घटिया क्वालिटी के खाद्य उत्पाद ब

Delhi: राजधानी दिल्ली के ओखला इंडस्ट्रियल एरिया में खाद्य सुरक्षा विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई की है। FSSAI की टीम ने Westend Corporation Pvt. Ltd. नाम की कंपनी पर छापा मारकर भारी मात्रा में घटिया क्वालिटी के खाद्य उत्पाद बरामद किए हैं। यहाँ खाने-पीने की चीजों के लेबल बदलकर उन्हें असली दिखाने की कोशिश की जा रही थी।

FSSAI के नॉर्दर्न रीजनल ऑफिस को इस कंपनी के बारे में गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद शुक्रवार को यहाँ छापेमारी की गई। जांच में पता चला कि कंपनी पुराने या घटिया सामान पर फर्जी लेबल लगाकर उन्हें बाजार में बेचने की तैयारी में थी। अधिकारियों ने मौके से 50,000 से ज्यादा पैकेट जब्त किए हैं, जिनकी कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है। ये सामान न केवल दिल्ली के स्थानीय बाजारों में, बल्कि ई-कॉमर्स वेबसाइट्स के जरिए पूरे देश और विदेशों में भी भेजे जाने थे।

छापेमारी के दौरान मौके से लेबल बदलने के लिए इस्तेमाल होने वाले स्टैम्प, केमिकल सॉल्वेंट और प्रिंटिंग मशीनें भी मिली हैं। पुलिस ने इस मामले में FIR नंबर 358/26 दर्ज की है। भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए कंपनी के मालिक दर्शन सिंह सचदेवा और उनके साथ 6 अन्य लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार लोगों में नितेश भारद्वाज, नरेंद्र कुमार, कपिल, लकी ओझा, प्रेम यादव और पवन कुमार यादव शामिल हैं।

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने भी संज्ञान लिया है। NHRC ने FSSAI और दिल्ली पुलिस समेत छह अधिकारियों को नोटिस जारी कर दो हफ्ते के भीतर रिपोर्ट मांगी है। आयोग ने कहा कि खाने-पीने की चीजों के साथ ऐसी छेड़छाड़ आम लोगों की सेहत के लिए बहुत खतरनाक हो सकती है।

FSSAI ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध खाद्य उत्पाद या नकली ब्रांड की शिकायत उनके मोबाइल ऐप या पोर्टल पर करें। विभाग ने साफ किया है कि मिलावटखोरी और धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।