Delhi-Noida बॉर्डर पर हाई अलर्ट, किसानों के जंतर-मंतर मार्च को रोकने के लिए पुलिस ने कसी कमर

Delhi/Noida: किसानों द्वारा जंतर-मंतर पर मार्च निकालने के आह्वान के बाद दिल्ली और नोएडा के बीच सभी प्रमुख बॉर्डरों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस प्रशासन किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और सीमाओ

Delhi/Noida: किसानों द्वारा जंतर-मंतर पर मार्च निकालने के आह्वान के बाद दिल्ली और नोएडा के बीच सभी प्रमुख बॉर्डरों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस प्रशासन किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और सीमाओं पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस सुरक्षा व्यवस्था का असर आम यात्रियों पर भी पड़ रहा है।

सुरक्षा इंतजाम मंगलवार 21 जुलाई 2026 से ही शुरू हो गए थे, जो बुधवार 22 जुलाई को भी जारी रहे। दिल्ली पुलिस और गौतम बुद्ध नगर पुलिस ने संयुक्त रूप से हाई अलर्ट जारी किया है। ‘देश बचाओ मोर्चा’ के बैनर तले किसान भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते के विरोध में महापंचायत के लिए दिल्ली की ओर कूच कर रहे हैं। इसके साथ ही 21 जुलाई को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के समर्थक भी जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे थे और संसद मार्च की तैयारी में थे।

नोएडा पुलिस ने चिल्ला बॉर्डर पर विशेष सतर्कता बरती है और वहां कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की गई है ताकि गाड़ियों की आवाजाही को जरूरत पड़ने पर कंट्रोल किया जा सके। वहीं दिल्ली के सिंघु बॉर्डर जैसे संवेदनशील इलाकों में वाटर कैनन, वज्र वाहन और दंगा नियंत्रण उपकरण तैनात किए गए हैं। अर्धसैनिक बलों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।

गौतम बुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर डीसीपी नोएडा साद मियां खान, एडीसीपी मनीषा सिंह और एसीपी मयंक तिवारी के नेतृत्व में फेस-1 पुलिस और दिल्ली पुलिस की टीम लगातार निगरानी कर रही है। बॉर्डर से गुजरने वाले हर वाहन की जांच की जा रही है, जिससे कुछ जगहों पर ट्रैफिक धीमा हो सकता है और जाम लग सकता है।

पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। आम लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर यकीन न करें और सुरक्षा जांच में पुलिस का सहयोग करें। यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक की स्थिति जरूर चेक कर लें।