Delhi के New Usmanpur में 20 साल के युवक की चाकू मारकर हत्या, पुलिस ने 18 घंटे में 3 आरोपियों को पकड़ा
Delhi: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में एक 20 साल के युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने फुर्ती दिखाते हुए घटना के 18 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह वारदात एक डीडीए पार्क में ह
Delhi: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में एक 20 साल के युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने फुर्ती दिखाते हुए घटना के 18 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह वारदात एक डीडीए पार्क में हुई, जहाँ आरोपियों ने युवक पर चाकू से हमला किया था।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान तोहीद के रूप में हुई है, जो न्यू सीलमपुर के के-ब्लॉक का रहने वाला था और एक कबाड़ डीलर के पास मजदूर का काम करता था। यह घटना शुक्रवार सुबह की है, लेकिन पुलिस को शनिवार सुबह घायल व्यक्ति की सूचना मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर के.एल. यादव (SHO, न्यू उस्मानपुर) और एसीपी सीलमपुर श्री मल्कियत सिंह की देखरेख में एक टीम बनाई गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, टेक्निकल सर्विलांस और लोकल खुफिया जानकारी की मदद से आरोपियों तक पहुँच बनाई।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान शाहनवाज (21 वर्ष), नूर हसन (20 वर्ष) और अनस (21 वर्ष) के रूप में हुई है। ये तीनों सीलमपुर के के-ब्लॉक टी-हट्स के रहने वाले हैं। पूछताछ में पता चला कि यह हत्या पुरानी रंजिश के चलते की गई। आरोपियों ने बताया कि तोहीद ने पहले नूर हसन को थप्पड़ मारा था और शाहनवाज को धमकी दी थी, जिसका बदला लेने के लिए उन्होंने इस वारदात की साजिश रची।
पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। शाहनवाज के खिलाफ पहले भी लूटपाट का मामला दर्ज है। न्यू उस्मानपुर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।