Delhi-NCR में फिर बदलेगा मौसम, आज दस्तक देगा नया पश्चिमी विक्षोभ; 21 जून तक बारिश और आंधी की संभावना

Delhi: राजधानी और आसपास के इलाकों में मौसम एक बार फिर बदलने वाला है। आज 18 जून को एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) दस्तक दे रहा है, जिससे अगले छह दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। दिल्ली वालों को रविवार

Delhi: राजधानी और आसपास के इलाकों में मौसम एक बार फिर बदलने वाला है। आज 18 जून को एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) दस्तक दे रहा है, जिससे अगले छह दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। दिल्ली वालों को रविवार तक गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है और कुछ दिन मौसम काफी सुहावना रह सकता है।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय इस विक्षोभ का असर आज रात या 19 जून की सुबह से दिखना शुरू हो जाएगा। विभाग ने बताया है कि दिल्ली-एनसीआर में बारिश और आंधी-तूफान का दौर 21 जून तक जारी रह सकता है। 17 से 22 जून के बीच आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। खास तौर पर 18, 19, 20 और 21 जून को शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने के आसार हैं।

तापमान की बात करें तो IMD ने कहा है कि अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, लेकिन उसके बाद 24 घंटों के भीतर इसमें 2 से 3 डिग्री की गिरावट आएगी। न्यूनतम तापमान में भी अगले पांच दिनों में 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी का अनुमान है। फिलहाल अधिकतम तापमान 33 से 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 20 और 21 जून को मौसम ज्यादा सक्रिय रहेगा। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिसकी अधिकतम गति 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। वहीं स्काईमेट (Skymet) के अनुसार, इस साल दिल्ली में मॉनसून अपने सामान्य समय (27 जून) से थोड़ा देर से पहुंच सकता है।

प्रदूषण की स्थिति पर नजर डालें तो केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, गुरुवार सुबह दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 132 रहा, जो मध्यम श्रेणी में आता है। बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री और न्यूनतम 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था और पिछले 24 घंटों में 3 मिमी बारिश हुई थी।