Delhi-NCR में चिपचिपी गर्मी और उमस का कहर, IMD ने बताया कब तक होगा मॉनसून का इंतजार
Delhi: दिल्ली और एनसीआर के लोगों के लिए आने वाले दिन काफी परेशानी भरे हो सकते हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, अब इलाके में चिपचिपी गर्मी और भीषण उमस का दौर शुरू होने वाला है। हालांकि तापमान में थोड़ी गिरावट आएगी
Delhi: दिल्ली और एनसीआर के लोगों के लिए आने वाले दिन काफी परेशानी भरे हो सकते हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, अब इलाके में चिपचिपी गर्मी और भीषण उमस का दौर शुरू होने वाला है। हालांकि तापमान में थोड़ी गिरावट आएगी, लेकिन हवा में नमी बढ़ने की वजह से लोगों को काफी पसीना और बेचैनी महसूस होगी।
IMD ने जानकारी दी है कि 25 जून से दिल्ली-एनसीआर में उमस भरी गर्मी बढ़ेगी। इस दौरान आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे और गरज के साथ बिजली कड़कने की संभावना है। 25 जून को दोपहर और शाम के समय तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है।
दिल्ली के साथ-साथ पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लिए भी 25 जून को येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां मध्यम से भारी बारिश और 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पिछले 24 घंटों में दिल्ली के कई हिस्सों में धूल भरी आंधी और बारिश हुई थी, जिससे तापमान में कुछ कमी आई थी।
मॉनसून के इंतजार को लेकर मौसम वैज्ञानिकों की राय अलग-अलग है। सामान्य तौर पर दिल्ली में मॉनसून 27 जून तक आ जाता है, लेकिन कुछ जानकारों का मानना है कि इस बार इसमें देरी हो सकती है और यह जुलाई के पहले हफ्ते (5 से 8 जुलाई) तक पहुंचेगा। उम्मीद है कि 25-26 जून के आसपास बंगाल की खाड़ी में एक नया वेदर सिस्टम बनेगा, जो मॉनसून को दिल्ली की तरफ धकेलने में मदद करेगा।