Delhi-NCR में उमस और गर्मी से लोग परेशान, IMD ने जारी किया Yellow Alert, जानिए कब होगी बारिश

Delhi-NCR: दिल्ली और आसपास के इलाकों में पिछले 10 दिनों से अच्छी बारिश नहीं हुई है, जिसकी वजह से लोग भारी उमस और गर्मी झेल रहे हैं। बादल छाए रहने के बावजूद बारिश न होने से मौसम काफी खराब हो गया है। भारतीय मौसम विज्ञान वि

Delhi-NCR: दिल्ली और आसपास के इलाकों में पिछले 10 दिनों से अच्छी बारिश नहीं हुई है, जिसकी वजह से लोग भारी उमस और गर्मी झेल रहे हैं। बादल छाए रहने के बावजूद बारिश न होने से मौसम काफी खराब हो गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 18 और 19 जुलाई के लिए गर्मी और उमस को लेकर ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।

मौसम विभाग के मुताबिक, दिन के समय कुछ इलाकों में बहुत हल्की बारिश हो सकती है और 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 40 किमी प्रति घंटे तक जा सकती है। 17 जुलाई की रात पिछले 5 सालों में सबसे गर्म रही, जहां न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बारिश में इस कमी के पीछे कई बड़े कारण हैं। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मॉनसून ट्रफ हिमालय की तलहटी की ओर खिसक गया है, जिससे दिल्ली-एनसीआर में नमी नहीं पहुंच पा रही है। साथ ही, इस बार अल नीनो का असर भी दिख रहा है और बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र नहीं बन पाया है। यूरोपीय सेंटर फॉर मीडियम रेंज वेदर फोरकास्ट्स (ECMWF) की रिपोर्ट के अनुसार, अगस्त से अक्टूबर तक भारत के कई हिस्सों में सामान्य से कम बारिश हो सकती है।

राहत की बात यह है कि 19 जुलाई के बाद बारिश की गतिविधियां फिर से बढ़ सकती हैं। उम्मीद है कि 20 जुलाई के बाद तापमान में 3 से 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। बंगाल की खाड़ी में नए सिस्टम के बनने और मॉनसून ट्रफ के सक्रिय होने से जुलाई के आखिरी दो हफ्तों में हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में अच्छी बारिश होने की संभावना है।