Delhi-NCR में बारिश के लिए IMD का अलर्ट, अगले कुछ दिनों तक गिरेगा तापमान

Delhi: दिल्ली-एनसीआर के लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिलने वाली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ घंटों में दिल्ली और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ तेज़ हवाएं चलने का अनु

Delhi: दिल्ली-एनसीआर के लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिलने वाली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ घंटों में दिल्ली और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ तेज़ हवाएं चलने का अनुमान जताया है। सोमवार सुबह कई हिस्सों में हुई बारिश ने पहले ही लोगों को राहत देना शुरू कर दिया है।

IMD ने 21 और 22 जुलाई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान दिल्ली के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, यह सिलसिला 23 जुलाई तक जारी रहने की संभावना है, जिसमें 23 तारीख को कुछ जगहों पर भारी वर्षा का अनुमान है। मानसून ट्रफ के दिल्ली की ओर बढ़ने से नमी वाली पूर्वी हवाएं आ रही हैं, जिसकी वजह से यह मौसम बना हुआ है।

हवा की गति 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जो कुछ समय के लिए 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक भी पहुंच सकती है। इस बारिश का सीधा असर तापमान पर दिखेगा। दिन का तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री नीचे गिरकर 32-34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25-27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। अगले 24 घंटों के बाद तापमान में 3-5 डिग्री की और गिरावट आ सकती है।

बारिश का असर दिल्ली के कई प्रमुख इलाकों में देखने को मिलेगा, जिनमें राष्ट्रपति भवन, राजीव चौक, आईटीओ, इंडिया गेट, अक्षरधाम, सफदरजंग, लोधी रोड, आरके पुरम, डिफेंस कॉलोनी, लाजपत नगर, हौज खास, मालवीय नगर, कालकाजी और तुगलकाबाद शामिल हैं। इसके अलावा ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम और मानेसर में भी बारिश और बूंदाबांदी की संभावना है।

मौसम विभाग ने नागरिकों को सलाह दी है कि वे अपनी यात्रा की योजना सावधानी से बनाएं। बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव, कम दृश्यता और ट्रैफिक जाम जैसी समस्याएं हो सकती हैं, इसलिए ताजा मौसम अपडेट देखकर ही घर से निकलें।